{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi: BLW में तकनीकी गोष्ठी का आयोजन, कर्मचारियों को मिली जीवन शैली बीमारियों से बचाव की जानकारी

 

Varanasi: राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत आज बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में “जीवन शैली बीमारियां – रोकथाम व नियंत्रण” विषय पर एक तकनीकी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जीवन शैली से संबंधित बीमारियों, उनके कारणों, रोकथाम और नियंत्रण के उपायों पर विस्तृत जानकारी दी।

डॉ. देवेश कुमार ने बताया कि प्रकृति के साथ तालमेल न बिठाना और अस्वास्थ्यकर आदतें जीवन शैली बीमारियों का प्रमुख कारण हैं। भारत में इन बीमारियों से होने वाली मौतों की संख्या, खासकर महिलाओं में, चिंताजनक है। मोटापा, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, लकवा, दमा, श्वसन रोग और कैंसर जैसी बीमारियों का मुख्य कारण शारीरिक श्रम की कमी, असंतुलित खान-पान, अधिक कैलोरी युक्त भोजन, प्रदूषित वातावरण, तंबाकू सेवन और तनाव हैं।

उन्होंने स्वस्थ जीवन शैली के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन और धूम्रपान से परहेज की सलाह दी। भोजन में मोटे अनाज, हरी सब्जियां, फल, दूध और कम वसा का उपयोग, नियमित अंतराल पर भोजन और तनावमुक्त जीवन पर जोर दिया। विशेष रूप से कार्यालय में कंप्यूटर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को हर घंटे 5-10 मिनट का ब्रेक लेने और सही मुद्रा में बैठने की सलाह दी।

मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री प्रवीण कुमार ने स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की महत्ता पर बल देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सर्वोपरि है। मुख्य संरक्षा अधिकारी Varanasi श्री राम जन्म चौबे ने भी आदतों में सुधार कर स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।

गोष्ठी का संचालन वरिष्ठ अनुवादक श्री विजय प्रताप सिंह ने और धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी श्री अंकुर रामपाल ने किया। इस अवसर पर Varanasi जन संपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री पियूष मिंज सहित बड़ी संख्या में बरेका कर्मचारियों ने भाग लिया और गोष्ठी से लाभ उठाया।