वाराणसी: गंगा स्नान के दौरान बी.फार्मा छात्र डूबा, दो दोस्तों को नाविकों ने बचाया
वाराणसी। काशी के प्रसिद्ध मीर घाट के सामने गंगा नदी में स्नान करने गए तीन दोस्तों में से एक की डूबकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान साहिल शुक्ला (उम्र करीब 20 वर्ष) पुत्र कमलेश शुक्ला, निवासी ग्राम वासुदेवपुर, थाना औराई, जनपद महाराजगंज के रूप में हुई है। साहिल अपने पिता का इकलौता बेटा था और अहमदाबाद में बी.फार्मा थर्ड ईयर का छात्र था।
पुलिस के अनुसार, साहिल अपने दूर के रिश्तेदार लक्की पाण्डेय (उम्र करीब 20 वर्ष) पुत्र विनय पाण्डेय, ग्राम नेवादा, थाना औराई, जनपद महाराजगंज और मित्र कृष्णा तिवारी (उम्र करीब 19 वर्ष) पुत्र राम संजीवन तिवारी, ग्राम अधुरासी, थाना चौरी, जिला भदोही के साथ वाराणसी घूमने आया था। तीनों मीर घाट के सामने गंगा में स्नान कर रहे थे कि अचानक गहरे पानी में चले गए।
मौके पर मौजूद नाविकों ने तुरंत साहिल के दोनों साथियों लक्की पाण्डेय और कृष्णा तिवारी को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन साहिल गहरे पानी में चला गया। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दशाश्वमेध अनुज मणि तिवारी अपनी टीम उपनिरीक्षक शिव स्वरूप पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक खुशबू सिंह एवं अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। NDRF, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से साहिल को बाहर निकाला गया और तत्काल कबीर चौराहा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।