UP College Firing Update: पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह, बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में घायल छात्र ने तोड़ा दम
Varanasi: वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे छात्रों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के दौरान बीएससी गणित चौथे सेमेस्टर के छात्र और कपसेठी निवासी सूर्य प्रताप सिंह को गोली मार दी गई, जिससे पूरे कॉलेज परिसर में हड़कंप मच गया। आरोप है कि पुराने विवाद के चलते चांदमारी निवासी छात्र मनजीत ने नजदीक से सूर्य प्रताप पर गोली चला दी। मौके पर मौजूद छात्रों के मुताबिक इस घटना में एक अन्य छात्र अनुज सिंह का नाम भी सामने आया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत इलाज के लिए ले जाया गया। पहले उसे सिंह मेडिकल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। इसके बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके पर चार राउंड फायरिंग हुई थी। कई छात्रों का कहना है कि हमलावरों ने मृतक के साथ मौजूद अन्य छात्रों पर भी पिस्टल तान दी थी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पढ़ाई कर रहे अन्य छात्रों को परिसर से बाहर निकलवा दिया।
छात्र की मौत की खबर फैलते ही कॉलेज में आक्रोश फैल गया। गुस्साए छात्रों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया, आसपास की दुकानों को बंद कराया और कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई। बाद में छात्रों ने कॉलेज का मुख्य गेट बंद कर दिया और नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के इस्तीफे की मांग करने लगे।
सूचना मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। वहीं एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि छात्र को सीने के ऊपर गोली लगी थी, जिसके कारण उसकी हालत गंभीर हो गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं और हमलावरों की पहचान भी कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस गश्त भी तेज कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी छात्र ने पिस्टल पास के कूड़े में फेंक दी और फरार हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही कॉलेज में छात्रों की भीड़ जमा हो गई और लंबे समय तक परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। इस घटना के बाद छात्रों और शिक्षकों के बीच डर और चिंता का माहौल देखा जा रहा है, जबकि स्थानीय लोगों ने कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।