{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: हर्ष फायरिंग के लिए खरीदी पिस्टल से दोस्त को गोली मारने के मामले में 2 गिरफ्तार

वाराणसी में बीटेक छात्रों की लापरवाही से शादी में खरीदी गई पिस्टल से दोस्त को गोली लग गई। घायल सोनू सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आकाश यादव और अखिल पांडेय को पिस्टल समेत गिरफ्तार किया। पिस्टल 25 हजार में हर्ष फायरिंग के लिए खरीदी गई थी। दो आरोपी फरार हैं।

 

वाराणसीः रौब जमाने के लिए दोस्त की बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के लिए लाई गई पिस्टल से छात्र को गोली लगने के मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार में बैठे साथियों के बीच मामूली विवाद हुआ और उसी दौरान छात्र ने अपने दोस्त पर गोली चला दी। 

पिस्टल से चली गोली कुशीनगर निवासी सोनू सिंह को लग गई। घायल छात्र को तत्काल रेलवे स्टेशन से मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल में भर्ती कराया गया। वारदात की जानकारी रोडवेज पुलिस चौकी को मिलते ही सारनाथ पुलिस सक्रिय हो गई और हसनपुर–सिंहपुर अंडरपास से आरोपी आकाश यादव और अखिल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। 

चंदौली के रामगढ़ का रहने वाला आकाश यादव लखनऊ स्थित इंस्टीट्यूट से बीटेक कर रहा है। पूछताछ में आकाश ने कबूल किया कि बहन की शादी में हर्ष फायरिंग के लिए उसने गाजीपुर के मयंक यादव से 25 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी। 

उसी पिस्टल से हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर हसनपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंकी गई देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है। घटना में शामिल दो और युवकों की तलाश जारी है।