{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: NEET-UG 2026 परीक्षा केंद्र पर मोबाइल के साथ पकड़ा गया अभ्यर्थी, FIR दर्ज

वाराणसी में NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन, पुराना प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री के साथ पकड़ा गया। हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र से गिरफ्तार किए गए युवक के खिलाफ कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

वाराणसी। NEET-UG 2026 परीक्षा के दौरान वाराणसी के एक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा जांच में एक अभ्यर्थी को मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके पास से पुराना प्रश्नपत्र और अन्य सामग्री भी बरामद हुई। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र में हुई कार्रवाई

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मैदागिन के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में रविवार को NEET-UG 2026 परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा शुरू होने से पहले प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी और बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया चल रही थी।

इसी दौरान एक अभ्यर्थी की गतिविधियां वहां मौजूद शिक्षकों को संदिग्ध लगीं। शिक्षकों ने उसे रोककर जांच की तो उसके अंडरवियर में छिपाकर रखा गया मोबाइल फोन बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से पुराना प्रश्नपत्र और ग्लू भी मिलने की बात सामने आई।

बलिया का रहने वाला है अभ्यर्थी

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभ्यर्थी की पहचान प्रिंस दुबे (20) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलिया जिले का निवासी है और वर्तमान में मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रिंस दुबे परीक्षा देने के लिए वाराणसी आया था। शिक्षकों की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे हिरासत में लेकर थाने ले गई।

केंद्राध्यक्ष की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। उसके संपर्कों और हाल की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

पुराने प्रश्नपत्र की भी जांच

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के पास से जो प्रश्नपत्र मिला है वह पुराना प्रश्नपत्र प्रतीत हो रहा है। फिर भी उसकी जांच कराई जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था।

आज कोर्ट में होगी पेशी

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी पड़ताल भी कराई जा रही है।