{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: घर में घुसकर दबंगों ने पिता-पुत्र को लाठी-डंडों से पीटा

वाराणसी में चौबेपुर के बिरनाथीपुर गांव में दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर जटाशंकर चौबे और उनके बेटे शिवम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पिता का हाथ टूट गया और बेटे के सिर में गंभीर चोट आई। आरोपितों ने सोने की चेन और नकदी लूट ली। पुलिस जांच में जुटी है।

 

वाराणसी: चौबेपुर क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव में दबंगों ने एक परिवार के घर में घुसकर तांडव मचा दिया। लाठी-डंडों से लैस पांच-छह हमलावरों ने घर के अंदर मौजूद जटाशंकर चौबे और उनके बेटे शिवम पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में जटाशंकर का हाथ टूट गया, जबकि शिवम के सिर में गंभीर चोटें आईं।

पीड़िता चम्पा देवी ने बताया कि वह घर में काम कर रही थीं, तभी गांव के सुरेश यादव, सभाजीत यादव, किशन यादव अपने चार-पांच साथियों के साथ जबरन घर में घुस आए और बिना किसी कहासुनी के पिता-पुत्र को पीटना शुरू कर दिया। जब वह शोर सुनकर बचाने पहुंचीं, तो आरोपितों ने उन्हें धक्का देकर घायल कर दिया।

भागने से पहले दबंगों ने चम्पा देवी की गले से सोने की चेन नोच ली और कमरे में रखे करीब 1300 रुपये भी लूट लिए। शोर सुनकर जुटे ग्रामीणों को देखकर हमलावर मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार ने तीन नामजद, सुरेश यादव, सभाजीत यादव, किशन यादव- और चार-पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घायल पिता-पुत्र का प्राथमिक इलाज गांव में कराया जा रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।