{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में कांवड़ियों को कार ने रौंदा, एक की मौत, तीन घायल, मार्कंडेय महादेव जा रहे थे श्रद्धालु

वाराणसी के चौबेपुर हाईवे पर सावन के तीसरे सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मार्कंडेय महादेव मंदिर जा रहे चार कांवड़ियों को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में विनीत तिवारी की मौत हो गई, जबकि आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर घायल हैं। पुलिस जांच में जुटी है।
 

वाराणसी: सावन के तीसरे सोमवार को मार्कंडेय महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रहे कांवड़ियों के साथ चौबेपुर हाईवे पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। परिधि अस्पताल के सामने सड़क किनारे आराम कर रहे चार कांवड़ियों को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, चारों कांवड़िए रविवार रात वाराणसी से गंगाजल लेकर पैदल मार्कंडेय महादेव मंदिर के लिए निकले थे। सोमवार सुबह चौबेपुर हाईवे पर परिधि अस्पताल के सामने पहुंचने के बाद वे कुछ देर के लिए सड़क किनारे विश्राम करने लगे।

इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे आराम कर रहे कांवड़ियों को टक्कर मारते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव में जुट गए।

अस्पताल पहुंचते ही एक कांवड़िए की मौत

पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने विनीत तिवारी (25), पुत्र विनोद तिवारी, निवासी काल भैरव, वाराणसी को मृत घोषित कर दिया।

हादसे में आशीष चौधरी, रितेश पासी और सागर घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल कांवड़ियों को बेहतर इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसीपी सारनाथ ने बताया कि सड़क हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हुई है, जबकि तीन घायल हैं और उनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।