{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में अब मार्कंडेय महादेव, बाबतपुर और सिंधोरा तक चलेंगी सिटी बसें, 250 नई इलेक्ट्रिक बसों की भी तैयारी

वाराणसी में सिटी बस सेवा का विस्तार होगा। मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में हुई बैठक में मार्कंडेय महादेव, मुगलसराय, बाबतपुर और सिंधोरा तक बसें चलाने का फैसला हुआ। 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए वीरापट्टी, अखरी बाईपास, मोहनसराय और आयर में मेंटेनेंस डिपो व चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना है।

 

वाराणसी: शहर और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने सिटी बस सेवा के विस्तार का फैसला लिया है। मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में हुई निदेशक मंडल की 35वीं बैठक में मार्कंडेय महादेव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बाबतपुर और सिंधोरा तक सिटी बसें चलाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रस्तावित 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार जगह मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन विकसित करने पर भी फैसला हुआ।

इन रूटों पर बढ़ेगी सिटी बसों की पहुंच

बैठक में शहर के साथ आसपास के प्रमुख क्षेत्रों को सिटी बस सेवा से जोड़ने पर चर्चा हुई। इसके तहत मार्कंडेय महादेव, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, बाबतपुर और सिंधोरा तक बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सिटी ट्रांसपोर्ट सेवाओं को यात्रियों के लिए अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए। साथ ही यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए परिवहन व्यवस्था में जरूरी सुधार किए जाएं।

काशी दर्शन बस सेवा की ब्रांडिंग पर भी फैसला

बैठक में काशी दर्शन बस सेवा को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सेवा की बेहतर ब्रांडिंग के साथ यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं को बढ़ाने पर सहमति बनी। इसका उद्देश्य काशी आने वाले पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए बस सेवा को अधिक सुविधाजनक और व्यवस्थित बनाना है।

NCMC कार्ड से रोपवे और सिटी बस सेवा होगी इंटीग्रेटेड

बैठक में NCMC कार्ड को सिटी बस और रोपवे सेवा के साथ इंटीग्रेट करने का भी निर्णय लिया गया। इससे यात्रियों के लिए सार्वजनिक परिवहन के अलग-अलग साधनों का इस्तेमाल करना आसान बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।

इसके अलावा सिटी बसों के निर्धारित मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए बस शेल्टर बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया है। इन बस शेल्टरों का निर्माण नगर निगम स्तर से कराया जाएगा।

250 नई इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार जगह बनेंगे डिपो

वाराणसी में प्रस्तावित 250 नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन और रखरखाव के लिए जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार करने पर भी बैठक में फैसला हुआ। इसके तहत मेंटेनेंस डिपो और चार्जिंग स्टेशन के लिए चार स्थान चिह्नित किए गए हैं।

इनमें वीरापट्टी, अखरी बाईपास, मोहनसराय (ट्रांसपोर्ट नगर) और आयर शामिल हैं। इन स्थानों पर डिपो और चार्जिंग की सुविधा विकसित होने से नई इलेक्ट्रिक बसों के संचालन में मदद मिलेगी।

यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के निर्देश

मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम समयबद्ध तरीके से उठाए जाएं। उन्होंने सिटी बस सेवा को अधिक सुरक्षित, सुगम और यात्री सुविधाओं के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।

बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, वीडीए उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, एडीसीपी यातायात, आरटीओ (प्रवर्तन) और वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।