वाराणसी कचहरी की सुरक्षा पर सवाल, बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष ने की स्कैनर मशीन लगाने की मांग
वाराणसी दीवानी कचहरी को बम से उड़ाने की धमकियों के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं। बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सतीश कुमार यादव ने प्रशासन से सभी गेट पर स्कैनर, अतिरिक्त पुलिस बल और अधिवक्ताओं-वादकारियों के लिए अलग प्रवेश द्वार की व्यवस्था करने की मांग की है।
वाराणसी: वाराणसी की दीवानी कचहरी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कचहरी को लगातार बम से उड़ाने की मिल रही धमकियों के बीच अधिवक्ताओं में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में दी बनारस बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सतीश कुमार यादव (एडवोकेट) ने प्रशासन को पत्र देकर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
बार एसोसिएशन उपाध्यक्ष ने बताया कि दीवानी कचहरी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था फिलहाल संतोषजनक नहीं है। कचहरी के प्रत्येक गेट पर पर्याप्त जांच व्यवस्था नहीं है और न ही सभी प्रवेश द्वारों पर स्कैनर मशीनें लगी हैं। उन्होंने मांग की कि सभी गेट पर आधुनिक जांच स्कैनर मशीनें लगाई जाएं और पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जाए।
दोपहर बाद गायब रहते हैं पुलिसकर्मी
दोपहर करीब 2 बजे के बाद कई गेटों पर पुलिसकर्मी मौजूद नहीं रहते, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है। इतना ही नहीं, शाम के समय भी आने-जाने वाले लोगों की जांच नहीं की जाती, जो किसी भी बड़ी घटना का कारण बन सकता है।
अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए अलग गेट की मांग
बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं और वादकारियों के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने की भी मांग की है, ताकि सुरक्षा जांच को प्रभावी बनाया जा सके और अनावश्यक भीड़ से बचा जा सके।
अधिवक्ताओं में डर और असुरक्षा का माहौल
लगातार मिल रही धमकियों और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था के कारण अधिवक्ताओं में भय और आतंक का माहौल बना हुआ है। बार एसोसिएशन ने प्रशासन से जल्द से जल्द ठोस कदम उठाने की अपील करते हुए कचहरी परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की है। अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर शीघ्र ही आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करेगा।