{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कोडीन कफ सिरप मामला: दो मामलों में 14 दिन की रिमांड पर जेल भेजा गया भोला जायसवाल

वाराणसी के चर्चित कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपित भोला जायसवाल और विनोद अग्रवाल को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया। अदालत ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच में 12 करोड़ के अवैध कारोबार का खुलासा हुआ है।

 

वाराणसी: चर्चित कोडीनयुक्त कफ सिरप तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सारनाथ और रोहनिया थाना में दर्ज दो अलग-अलग मुकदमों के आरोपितों को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपित भोला जायसवाल और विनोद अग्रवाल को जेल से लाकर फास्ट ट्रैक कोर्ट (14वां वित्त आयोग) की अदालत में प्रस्तुत किया।

इन दोनों आरोपितों की पेशी के लिए अदालत की ओर से पहले ही वारंट-B जारी किया गया था। सुनवाई के दौरान अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरोपितों को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश दिया।

फर्जी फर्म के जरिए करोड़ों की तस्करी

सारनाथ थाना में दर्ज मुकदमे में गिरफ्तार कानपुर के पटकापुर निवासी विनोद अग्रवाल, फर्जी फर्म के माध्यम से कोडीनयुक्त कफ सिरप की तस्करी में संलिप्त पाया गया है। विनोद अग्रवाल मेसर्स अग्रवाल ब्रदर्स का प्रोपराइटर है। पुलिस विवेचना में सामने आया कि उसने अपनी फर्म के जरिए प्रयागराज के थाना करेली क्षेत्र के आशियाना आजाद नगर निवासी फैजुर रहमान और एमके हेल्थ केयर के संचालक विष्णुकांत को फर्जी बिलों के माध्यम से भारी मात्रा में कफ सिरप की आपूर्ति की थी।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि इस अवैध कारोबार का टर्नओवर करीब 12 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका था। फैजुर रहमान ने अपने परिचित सौंदर्य कारोबारी सैफ अली के दस्तावेजों का दुरुपयोग कर ड्रग लाइसेंस हासिल किया था।

किंगपिन के पिता भी रडार पर

इस पूरे कफ सिरप कांड के कथित किंगपिन शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल का नाम भी जांच में सामने आया है। पुलिस ने भोला जायसवाल को सोनभद्र से वारंट-B पर लाकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे भी 14 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

500 पेटी कफ सिरप बरामदगी मामला भी जुड़ा

भोला जायसवाल का नाम रोहनिया थाना क्षेत्र के भदवर गांव में ग्राम प्रधान के दो मंजिला मकान में छिपाकर रखी गई 500 पेटी कोडीनयुक्त कफ सिरप की बरामदगी से जुड़े मामले में भी दर्ज है। बीते वर्ष नवंबर माह में पुलिस ने इस मकान के गोदाम से कफ सिरप बरामद किया था, जिसके बाद गोदाम मालिक और ग्राम प्रधान के पति महेश को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में भी भोला जायसवाल की न्यायिक रिमांड प्रभावी बनी हुई है।