Varanasi: कोडीन कफ सिरप के मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल की 28 करोड़ की संपत्ति कुर्क, जब्तीकरण की कार्रवाई पर पुलिस ने बजवाई डुगडुगी
वाराणसी। अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप तस्करी के बड़े नेटवर्क पर कार्रवाई करते हुए वाराणसी पुलिस ने मुख्य सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की करीब 28 करोड़ रुपये की संपत्ति सीज कर दी है। यह कार्रवाई कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 के तहत न्यायालय के आदेश पर की गई।
पांच स्थानों पर जब्ती की कार्रवाई
पुलिस ने सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज स्थित केबीएन प्लाजा, महमूरगंज में स्थित भोला जायसवाल के आवास समेत कुल पांच स्थानों पर जब्ती की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डुगडुगी बजाकर मुनादी भी कराई और संपत्ति सीज किए जाने की सार्वजनिक घोषणा की।
शैली ट्रेडर्स के जरिए अवैध कारोबार
पुलिस के मुताबिक, भोला जायसवाल ने अपनी फर्म शैली ट्रेडर्स के माध्यम से अवैध रूप से कोडिन युक्त कफ सिरप की खरीद-फरोख्त की। जांच में सामने आया है कि यह कफ सिरप झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक सप्लाई की जाती थी। इस मामले में भोला जायसवाल के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं।
कोलकाता एयरपोर्ट से हुई थी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि सोनभद्र पुलिस ने भोला जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह दुबई भागने की फिराक में था। इसके बाद से ही पुलिस इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
शुभम जायसवाल मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, इस पूरे तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना भोला जायसवाल का बेटा शुभम जायसवाल है। उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया जा चुका है। आशंका जताई जा रही है कि शुभम दुबई फरार हो चुका है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
इस मामले में अब तक प्रदेश भर में दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।