{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी कमिश्नरेट का पहला ISO प्रमाणित थाना बना चौक, तीन महीने के ऑडिट के बाद मिला सर्टिफिकेट 

 

वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिसिंग में थाना चौक ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। थाना चौक को ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र मिला है। इसके साथ ही चौक थाना कमिश्नरेट वाराणसी का पहला ISO प्रमाणित थाना बन गया है। थर्ड पार्टी की ओर से करीब तीन महीने तक किए गए ऑडिट में थाने की कार्यप्रणाली और विभिन्न सेवाओं को निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर परखा गया।

ऑडिट के दौरान जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, अभिलेखों के रखरखाव, थाने में आने वाले लोगों के लिए सुविधाओं, महिला हेल्प डेस्क, जनसंवाद और पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण समेत कई बिंदुओं का मूल्यांकन किया गया। इसके अलावा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के इस्तेमाल को भी जांच के दायरे में रखा गया।

लगातार तीन महीने तक चली प्रक्रिया के बाद थाना चौक की सेवाओं और कार्यप्रणाली को निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए जाने पर ISO-9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।

पुलिस आयुक्त ने टीम को दी बधाई

पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल ने थाना चौक की इस उपलब्धि पर अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि थाना चौक में अपनाए गए बेहतर गुणवत्ता मानकों को आधार बनाकर कमिश्नरेट के अन्य थानों की कार्यप्रणाली को भी बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रमाणपत्र मिलने के बाद पुलिस आयुक्त ने थाना चौक का विस्तृत निरीक्षण भी किया। उन्होंने कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क और मिशन शक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता पर जोर

मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, हॉस्टलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं और युवाओं को मिशन शक्ति, 112, 1090, 1076 और 1930 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आम लोगों और व्यापारियों को अधिक से अधिक CCTV कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस आयुक्त ने अपराध की रोकथाम और घटनाओं के जल्द खुलासे में तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।

बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य और बेहतर पुलिसिंग में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें म.उ.नि मानसी वर्मा, हे.का कृष्ण कुमार सिंह, का. सुनील कुमार, म.का.दिव्या सिंह, म.का तेजस्वी ओझा और म.का प्राची शुक्ला शामिल रहे।

इसके अलावा पुलिस मित्र निधि देव अग्रवाल और वालंटियर विजय मिश्रा को भी सम्मानित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने उनके सहयोग और सक्रिय योगदान की सराहना की।

इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन गौरव बंशवाल, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर, संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त, पुलिसकर्मी और क्षेत्र के व्यापारी मौजूद रहे।