{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में सपा कैंप को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं में बहस सांसद वीरेंद्र सिंह ने क्या कहा?

वाराणसी के पहड़िया मंडी मतगणना स्थल के बाहर सपा के अस्थायी कैंप को 100 मीटर दूर हटाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने सांसद वीरेंद्र सिंह से कहा। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए और सांसद ने प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया।

 

वाराणसी: पहड़िया मंडी मतगणना स्थल के बाहर समाजवादी पार्टी के अस्थायी कैंप को लेकर पुलिस अधिकारियों और सपा नेताओं के बीच बातचीत हुई। तीन जोन के डीसीपी और अपर आयुक्त ने चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह से कैंप को मतगणना स्थल के मुख्य द्वार से 100 मीटर दूर हटाने को कहा। इस पर सपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए, जबकि सांसद ने आरोप लगाया कि परिणाम आने के समय प्रशासन उन्हें परेशान कर रहा है।

मतगणना स्थल से 100 मीटर दूर टेंट हटाने को कहा

पहड़िया मंडी के मुख्य द्वार के सामने सड़क पार एक बाउंड्रीवाल के भीतर समाजवादी पार्टी ने टेंट लगाकर अस्थायी कैंप बनाया है। यहां पहुंचे वाराणसी कमिश्नरेट के तीन जोन के डीसीपी और अपर आयुक्त आलोक वर्मा ने सांसद वीरेंद्र सिंह से टेंट को 100 मीटर के दायरे से बाहर करने को कहा।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मतगणना स्थल के मुख्य द्वार के आसपास पार्टी का कोई वाहन या कार्यकर्ता खड़ा नहीं होना चाहिए। इस दौरान कैंप के पास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

सपा कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल

पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है। एक प्रत्याशी की जीत हो चुकी है, जबकि दूसरे प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। ऐसे में प्रशासन जानबूझकर मामले को नया रूप दे रहा है।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने अधिकारियों से पूछा कि क्या कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने के लिए कोई निर्देश मिला है। उन्होंने कहा कि अब थोड़ी देर की बात है और परिणाम आने के बाद सभी अपने-अपने घर चले जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सपा कार्यकर्ता कानून-व्यवस्था का पालन करेंगे।

‘जरूरत पड़ी तो 100 मीटर और पीछे चले जाएंगे’

डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय और अपर आयुक्त आलोक वर्मा ने दोबारा 100 मीटर के दायरे का हवाला देते हुए टेंट हटाने को कहा। इसके बाद अधिकारी टेंट से बाहर आ गए। हालांकि, उनके जाने के बाद भी कैंप के भीतर और बाहर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने प्रशासन पर लगाया आरोप

चंदौली के सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनका एक प्रत्याशी जीत चुका है और दूसरा जीतने वाला है, इसलिए प्रशासन बेईमानी का रास्ता खोज रहा है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता 24 घंटे से अधिक समय से टेंट के नीचे बैठे हैं, लेकिन इससे पहले उन्हें रोकने कोई नहीं आया। अब परिणाम आने के समय प्रशासन परेशान कर रहा है।

वीरेंद्र सिंह ने कहा कि यदि कैंप 100 मीटर के दायरे में आता है तो वे इसे 100 मीटर और पीछे ले जाने को तैयार हैं। उन्होंने चुनाव प्रेक्षक से भी शिकायत करने की बात कही।

मौके पर डीसीपी वरुणा राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी काशी गौरव बंसवाल, डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान, एसीपी कैंट प्रज्ञा पाठक और अपर आयुक्त आलोक वर्मा समेत भारी पुलिस बल मौजूद रहा।