{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: एक ही में रात तीन घरों में चोरी, परिजनों की कुंडी बाहर से बंद कर चोरों ने उड़ाए नकदी और लाखों के गहने

वाराणसी के सेवापुरी स्थित भतसार गांव में नकाबपोश चोरों ने एक ही रात तीन घरों को निशाना बनाया। चोरों ने 29 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। एक घर में महिला को असलहा दिखाकर धमकाने और गला दबाने का प्रयास भी किया गया। पुलिस जांच कर रही है।
 

वाराणसी: सेवापुरी के जंसा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात नकाबपोश चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। भतसार (जोगीवीर पाही) गांव में चोरों ने घरों में घुसकर नकदी और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण पार कर दिए। एक घर में सो रही महिला की नींद खुलने पर चोरों ने उसे असलहा दिखाकर धमकाया और गला दबाने का प्रयास किया।

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) और डाग स्क्वायड की टीम ने भी जांच की। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए उपलब्ध साक्ष्य और अन्य इनपुट जुटा रही है।

सीढ़ी के सहारे दूसरी मंजिल पर पहुंचे चोर

ग्रामीणों के अनुसार, चोर सबसे पहले चंद्रिका प्रसाद मास्टर के मकान में पहुंचे। सीढ़ी के सहारे चोर दूसरी मंजिल पर गए, जहां अंजना देवी सो रही थीं। इसी दौरान उनकी नींद खुल गई। आरोप है कि चोरों ने अंजना देवी को असलहा दिखाकर आतंकित किया और उनका गला दबाने का प्रयास किया। इसके बाद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से पांच हजार रुपये नकद, मंगलसूत्र और एक जोड़ी पायल चोरी कर ली।

100 मीटर दूर दूसरे घर में की बड़ी चोरी

इसके बाद चोर करीब 100 मीटर दूर जमुना प्रसाद के घर में पीछे के रास्ते से दाखिल हुए। घर में सो रहे परिजनों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी गई, ताकि वे बाहर न निकल सकें। चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़े और अलमारी व बाक्स खंगाल डाले। यहां से 20 हजार रुपये नकद और करीब छह लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए जाने की बात सामने आई है।

तीसरे घर में छत के रास्ते घुसे

इसके बाद चोरों ने रामसूरत के घर को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और परिजनों के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। एक कमरे का ताला तोड़कर चोर अटैची में रखे चार हजार रुपये नकद और करीब एक लाख रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए। इस तरह तीनों घरों से कुल 29 हजार रुपये नकद चोरी हुए हैं। इसके अलावा लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी किए गए हैं।

डाग स्क्वायड करीब 300 मीटर दूर जाकर रुका

घटना की सूचना पर पहुंची डाग स्क्वायड की टीम ने मौके से जांच शुरू की। टीम घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर आरआरसी के पास जाकर रुक गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से गांव में आए और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।

ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर उठाए सवाल

एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में नियमित गश्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुलिस की गश्त नियमित रूप से हो तो इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।

पुलिस बोली- जांच जारी है

जंसा थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह ने बताया कि चोरी की घटना हुई है। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब फोरेंसिक जांच, डाग स्क्वायड और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।