वाराणसी : 116.86 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा, गैंग के सरगना समेत 4 गिरफ्तार
Varanasi : साइबर क्राइम सेल और थाना चेतगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने साइबर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कमीशन का लालच देकर लोगों के नाम पर फर्म खुलवाने, उनके बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड और बेटिंग एप से जुड़ी ठगी में करने वाले गिरोह के सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहतास, सासाराम (बिहार) निवासी नीतीश कुमार पाण्डेय को गिरोह का सरगना बताया गया है। पुलिस जांच में आरोपियों से जुड़े 41 बैंक खातों पर 143 NCRP शिकायतें सामने आई हैं। इन शिकायतों में करीब 116.86 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है।
XePay APK से OTP हासिल कर करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी XePay APK का इस्तेमाल कर SMS Forwarding सक्रिय करते थे। इसके जरिए मोबाइल पर आने वाले OTP हासिल कर साइबर ठगी की रकम को अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर और घुमाया जाता था।
गिरोह लोगों को कमीशन देने का लालच देकर उनके नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाता था। बाद में इन्हीं खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को प्राप्त करने और आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।
भारी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 19 चेकबुक, 40 डेबिट कार्ड, 48 QR स्कैनर और दो वाहन बरामद किए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, बैंक खातों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना है।