{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: साइबर ठगों ने 30 मिनट में खाते से उड़ाए 5.64 लाख, पुलिस जांच में जुटी
 

 

वाराणसी। जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव निवासी रमेश सिंह साइबर ठगी का शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने 27 जुलाई को उनके बैंक खाते से महज आधे घंटे के भीतर कई ट्रांजैक्शन के जरिए ₹5,64,197.82 निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने तत्काल बैंक खाते को ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद ₹5,12,495.82 की राशि सुरक्षित बचा ली गई।

पीड़ित रमेश सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 27 जुलाई की दोपहर उनके खाते से क्रमशः ₹50,000, ₹49,470, ₹81,351, ₹1,00,000, ₹2,14,376.82 और अंत में ₹69,000 की रकम निकाल ली गई। चूंकि वह कम पढ़े-लिखे हैं, इसलिए उन्हें तत्काल इस धोखाधड़ी की जानकारी नहीं हो सकी।

जब परिवार के सदस्यों को खाते से लगातार पैसे निकलने की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और बैंक खाते को ब्लॉक कराया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी रकम सुरक्षित बच गई।

पीड़ित की शिकायत पर बड़ागांव पुलिस ने अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते और डिजिटल लेनदेन को लेकर सतर्क रहें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यदि खाते से संदिग्ध लेनदेन होता है तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम साइबर थाने से संपर्क करें।