{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: ईद के बाद दालमंडी में चला बुलडोजर, चौड़ीकरण के लिए 186 भवनों पर एक्शन शुरू

वाराणसी में दालमंडी चौड़ीकरण परियोजना के तहत ईद के बाद ध्वस्तीकरण अभियान शुरू हो गया है। 186 भवन चिह्नित किए गए हैं और सड़क को 17 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सीवर और जल निकासी व्यवस्था भी सुधारी जाएगी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों और शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर को बड़ा लाभ मिलेगा।

 

वाराणसी: शहर के सबसे व्यस्त और बड़े थोक बाजारों में शामिल दालमंडी में चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। ईद के बाद सोमवार से ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया गया है, जिससे इस महत्वाकांक्षी योजना को गति मिल सके।

लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से पहले ही क्षेत्र में मुनादी कराकर दुकानदारों और भवन स्वामियों को परिसर खाली करने के निर्देश दिए गए थे। दालमंडी क्षेत्र में कुल 186 भवनों को चिह्नित किया गया है, जिनमें से अब तक 40 से अधिक भवनों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।

17 मीटर चौड़ी होगी सड़क, बदलेगा पूरा इंफ्रास्ट्रक्चर

परियोजना के तहत करीब 650 मीटर लंबी सड़क को 17 मीटर चौड़ा किया जाएगा। ध्वस्तीकरण के बाद इलाके में सीवर और पेयजल व्यवस्था को आधुनिक बनाया जाएगा। वर्तमान में जर्जर पाइपलाइन को हटाकर नई पाइपलाइन और ब्रांच लाइन बिछाई जाएगी।

सीवर और जल निकासी की समस्या का होगा समाधान

पुराने बनारस के इस इलाके में वर्षों से सीवर और जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। नगर निगम अब पुराने ड्रेनेज सिस्टम की जगह आधुनिक सीवरेज नेटवर्क तैयार करेगा, जिससे जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

व्यापारिक गतिविधियों को मिलेगा नया रूप

दालमंडी बाजार पूर्वांचल का सबसे बड़ा थोक बाजार माना जाता है, जहां रोजाना हजारों करोड़ रुपये का व्यापार होता है। चौड़ीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार के बाद यहां व्यापारिक गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद है। ध्वस्तीकरण अभियान शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में हलचल बढ़ गई है। भवन स्वामी रजिस्ट्री और मुआवजे को लेकर पीडब्ल्यूडी के कैंप कार्यालय पहुंच रहे हैं।