{"vars":{"id": "130921:5012"}}

दालमंडी में दुकानदार के सिर पर गिरी ईंट, ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत 

वाराणसी के दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान एक दुकानदार के सिर पर ईंट गिरने से गंभीर चोट लगी। बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
 

वाराणसी: दालमंडी में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान रास्ते से गुजर रहे एक दुकानदार के सिर पर अचानक ईंट गिर गई। गंभीर रूप से घायल दुकानदार को पुलिस ने तत्काल बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां रात करीब 10 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया, जबकि इलाके में भी शोक और चिंता का माहौल है।

ध्वस्तीकरण के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, दालमंडी स्थित मरियम अस्पताल गली में जंजीरा शाह मस्जिद के पास मंगलवार दोपहर ध्वस्तीकरण का काम चल रहा था। इसी दौरान दोपहर करीब ढाई से तीन बजे के बीच बैग की दुकान पर काम करने वाले चुन्नू वहां से गुजर रहे थे। तभी अचानक ऊपर से एक ईंट उनके सिर पर आ गिरी।

ईंट लगते ही चुन्नू सड़क पर गिर पड़े और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, लेकिन गंभीर चोट के कारण डॉक्टर उन्हें नहीं बचा सके।


एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि मृतक चुन्नू सिगरा थाना क्षेत्र के औरंगाबाद के रहने वाले थे और अपने भाई की बैग की दुकान पर काम करते थे। प्रारंभिक जानकारी में कुछ लोगों ने बंदरों की उछल-कूद के कारण ईंट गिरने की आशंका जताई, लेकिन पुलिस ने स्पष्ट किया कि ईंट किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मामले की जांच जारी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

चुन्नू पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना के बाद एहतियात के तौर पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

पुलिस की अपील- ध्वस्तीकरण क्षेत्र में जाने से बचें

एसीपी डॉ. अतुल अंजन त्रिपाठी ने बताया कि चौड़ीकरण और ध्वस्तीकरण कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से संबंधित मार्ग पर लोगों की आवाजाही रोकने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोग प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि ध्वस्तीकरण कार्य पूरा होने तक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा घेरा पार करने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।