ड्यूटी छोड़ लैब में जश्न: वाराणसी के दीनदयाल जिला अस्पताल का वीडियो वायरल, जांच बैठी
वाराणसी के दीन दयाल उपाध्याय जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की कथित शराब-मुर्गा पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले के सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच समिति गठित कर दी है। दोषियों की पहचान के बाद कार्रवाई की बात कही गई है।
वाराणसी: शहर के जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब से जुड़ा एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी कथित तौर पर ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर शराब और सिगरेट के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो में तीन लोग दिखाई दे रहे हैं, जबकि चौथा व्यक्ति वीडियो बना रहा है। इनमें एक लैब टेक्नीशियन और दो संविदा कर्मचारी बताए जा रहे हैं। वीडियो में पैथोलॉजी लैब की मशीनों के बीच रखी टेबल पर शराब के गिलास और चखना दिखाई दे रहा है। कर्मचारी वहीं बैठकर पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
20 सेकेंड के दो वीडियो आए सामने
सोशल मीडिया पर करीब 20 सेकेंड के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें पैथोलॉजी लैब के अंदर मशीनें साफ दिखाई दे रही हैं। टेबल पर तीन ग्लास में शराब रखी हुई है और साथ में खाने-पीने का सामान भी मौजूद है। दो लोग कुर्सी पर बैठे दिखाई देते हैं, जबकि तीसरा व्यक्ति लैब में रखे फ्रिज को खोलकर कुछ सामान निकालता है और फिर उनके साथ बैठ जाता है। इसी दौरान एक व्यक्ति सिगरेट जलाते हुए भी नजर आता है।
जांच के आदेश, CMS बोले- वीडियो पुराना
मामले पर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. आरएस राम ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यह वीडियो संभवतः उस समय का है जब वह यहां तैनात नहीं थे। इसके बावजूद अस्पताल के अनुशासन और मर्यादा से जुड़ा मामला होने के कारण जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
सीएमएस ने कहा कि जांच के बाद वीडियो में दिखाई देने वाले कर्मचारियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो।
यहां होती हैं मरीजों की जरूरी जांच
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब में इमरजेंसी और ओपीडी में आने वाले मरीजों के खून की जांच की जाती है। इसके अलावा गर्भवती महिलाओं सहित कई जरूरी मेडिकल जांच भी इसी लैब में होती हैं। ऐसे में लैब के अंदर इस तरह की गतिविधियों का वीडियो सामने आने से अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।