{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी से दिल्ली के लिए नई ट्रेन सेवा होगी शुरू, 14 मार्च को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी

वाराणसी के रास्ते दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए एक और नई ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। प्रधानमंत्री 14 मार्च को पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के यात्रियों को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।

 

वाराणसी: वाराणसी के रास्ते देश की राजधानी दिल्ली को जोड़ने वाली एक और नई रेल सेवा का जल्द ही शुभारंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री 14 मार्च को पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से दिल्ली के आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

रेलवे सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री का पश्चिम बंगाल दौरा 14 मार्च को प्रस्तावित है। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे, जिनमें रेलवे की नई सेवाएं भी शामिल हैं।

वाराणसी के यात्रियों को मिलेगा फायदा

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से वाराणसी सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। इससे यात्रा आसान होने के साथ समय की भी बचत होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन

यह ट्रेन पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) के बीच चलेगी और रास्ते में कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी।

संभावित रूट इस प्रकार है -

पुरुलिया – रामगढ़ – रांची – लोहरदगा – लातेहार – पलामू – गढ़वा – रोहतास – कैमूर – चंदौली – वाराणसी – अयोध्या – लखनऊ – बरेली – मुरादाबाद – आनंद विहार (दिल्ली)

तीन राज्यों के यात्रियों को मिलेगा लाभ

इस ट्रेन के शुरू होने से पश्चिम बंगाल, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को दिल्ली तक सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को यात्रा के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि नई ट्रेन सेवा शुरू होने से इन राज्यों के बीच संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।