{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी से दिल्ली के लिए आज दौड़ेगी Sleeper Vande Bharat, CM योगी और अश्विनी वैष्णव दिखाएंगे हरी झंडी

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच स्लीपर वंदे भारत ट्रेन का शनिवार को उद्घाटन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव इसे हरी झंडी दिखाएंगे। जानें ट्रेन की टाइमिंग, 16 कोच, 823 बर्थ और उद्घाटन के साथ शुरू होने वाली अन्य MEMU ट्रेनों की जानकारी।

 

वाराणसी से नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों को शनिवार को स्लीपर वंदे भारत ट्रेन की सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव बनारस रेलवे स्टेशन से देश की दूसरी स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। 16 कोच और 823 बर्थ वाली यह ट्रेन शाम 4:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 से अपनी पहली यात्रा शुरू करेगी और अगले दिन सुबह 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे 200 से अधिक लोग

स्लीपर वंदे भारत के उद्घाटन को लेकर बनारस रेलवे स्टेशन पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। स्टेशन परिसर में कार्यक्रम के लिए मंच तैयार किया गया है। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और विशिष्ट अतिथियों समेत 200 से अधिक लोग शामिल होंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ, गोरखपुर और नई दिल्ली से रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी वाराणसी पहुंच चुके हैं। पहले दिन ट्रेन में रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन सफर करेंगे। इसके अलावा कुछ स्कूली छात्रों को प्रयागराज और कानपुर तक यात्रा करने का मौका मिलेगा।

हालांकि, आम यात्रियों के लिए इस ट्रेन का नियमित परिचालन कब से शुरू होगा, रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।

16 कोच में होंगी 823 बर्थ, सप्ताह में छह दिन चलेगी ट्रेन

बनारस से नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्लीपर वंदे भारत में कुल 16 कोच होंगे। इनमें थर्ड एसी के 11, सेकेंड एसी के चार और फर्स्ट एसी का एक कोच शामिल है। ट्रेन में कुल 823 बर्थ उपलब्ध होंगी।

यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी छह दिन बनारस से चलेगी। उद्घाटन के दिन ट्रेन शाम 4:30 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 8 से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 2 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

स्लीपर वंदे भारत के साथ दो MEMU ट्रेनों का भी उद्घाटन

शनिवार को स्लीपर वंदे भारत के साथ दो अन्य MEMU ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई जाएगी। इनमें बनारस से प्रयागराज रामबाग और वाराणसी कैंट से राजातालाब के बीच चलने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

वाराणसी कैंट से राजातालाब जाने वाली MEMU ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 4 से रवाना होगी। इस ट्रेन में 200 से अधिक स्कूली छात्र-छात्राओं को सफर करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा प्रयागराज रामबाग से औड़िहार के बीच भी MEMU सेवा शुरू की जाएगी।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़ेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य

उद्घाटन कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य प्रयागराज रामबाग स्टेशन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल होंगे। वहीं, वाराणसी में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा और महापौर अशोक तिवारी समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।