वाराणसी: सेंट पॉल्स स्कूल में डीआईओएस की छापेमारी, कई गंभीर अनियमितताएं उजागर
वाराणसी। जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय में प्राप्त शिकायतों के आधार पर मंगलवार को नगर क्षेत्र के दादूपुर स्थित सेंट पॉल्स स्कूल में औचक निरीक्षण किया गया। इस जांच टीम में सह जिला विद्यालय निरीक्षक राणा बृजेश, खंड शिक्षा अधिकारी स्कन्द गुप्त और खंड शिक्षा अधिकारी अखिलेश कुमार यादव शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने बिना अनुमति अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन, कक्षा 9 का अनधिकृत संचालन, निजी प्रकाशकों की महंगी पुस्तकों का उपयोग, निर्धारित दुकानों से ही किताबें और यूनिफॉर्म खरीदने का दबाव तथा फीस वृद्धि में गड़बड़ियों को प्रमुख रूप से चिन्हित किया।
जांच के दौरान मौजूद अभिभावकों और छात्रों ने भी विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ खुलकर शिकायतें दर्ज कराईं। अभिभावकों ने महंगी किताबों और मनमानी फीस वसूली को लेकर गहरी नाराजगी जताई।
निरीक्षण टीम ने विद्यालय प्रबंधन को तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक अभिलेख जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही डीआईओएस ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए या अनियमितताएं सिद्ध हुईं, तो विद्यालय की मान्यता रद्द करने, आर्थिक दंड लगाने सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में अन्य शिक्षण संस्थानों में भी इस तरह की शिकायतें मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।