वाराणसी: 27 गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर कार्रवाई शुरू, जिला प्रशासन ने जारी किया नोटिस
वाराणसी I Varanasi में जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त विद्यालयों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा चिन्हित 27 अवैध स्कूलों को नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में जवाब न मिलने पर इन स्कूलों को बंद कराने समेत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी Anurag Srivastava ने बताया कि विभागीय जांच में ऐसे विद्यालय सामने आए हैं जो न तो बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा परिषद या किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से संबद्ध हैं और न ही शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के मानकों को पूरा करते हैं।
जांच के दौरान कई गंभीर खामियां पाई गईं। अधिकांश स्कूलों में शौचालय, शुद्ध पेयजल, खेल मैदान, साफ-सफाई और छात्रों के अनुपात में पर्याप्त कक्षाओं का अभाव मिला। कई जगहों पर नियुक्त शिक्षक निर्धारित शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप नहीं पाए गए। कुछ विद्यालयों पर मान्यता की आड़ में अवैध रूप से अतिरिक्त शाखाएं और कक्षाएं संचालित करने का भी आरोप है।
बीएसए ने बताया कि इन स्कूलों के खिलाफ अभिभावकों और स्थानीय लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद विभागीय टीम ने जांच कर कार्रवाई शुरू की। संबंधित विद्यालयों को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इन विद्यालयों को जारी हुआ नोटिस
गुरूनानक अर्ली लर्निंग स्कूल कुआर बाजार बड़ागांव, विक्टर वैली पब्लिक स्कूल कैथौली बाबतपुर, त्रिपदा पब्लिक स्कूल सिसवा (अनेई) बड़ागांव, सरस्वती विद्या मंदिर आमैत, आशीर्वाद पब्लिक स्कूल जाठी पिंडरा, एलपी पब्लिक स्कूल जगदीशपुर पिंडरा, मां दुर्गा बाल विद्या मंदिर ओदार, बाबा श्याम सुंदर विद्यालय भानपुर, कमला देवी विद्यालय सरायशेख लार्ड पिंडरा समेत कई विद्यालय शामिल हैं।
इसके अलावा पीआरसी चिल्ड्रेन अकादमी चांदपुर मुस्तफाबाद, सरस्वती ज्ञान मंदिर रामचंदीपुर, एसएमपीएन इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल तोफापुर, एमपीएस शिक्षण संस्थान बमनपुरा चिरईगांव, गोल्डन राज पब्लिक स्कूल कुरौना, मां जानकी विद्या मंदिर गजापुर, आदित्य पब्लिक School गौरा, सरस्वती बाल विद्या मंदिर जक्खिनी और मां कंचन देवी शिक्षा संस्थान बेनीपुर को भी नोटिस जारी किया गया है।
सेवापुरी और हरहुआ क्षेत्र के ब्लॉसम पब्लिक स्कूल, सेरेक पब्लिक स्कूल, न्यू इंडियन पब्लिक स्कूल, दशरथ पाल विद्या मंदिर, बालाजी पब्लिक स्कूल, वाराणसी पब्लिक स्कूल, सुशीला देवी पब्लिक स्कूल, जगन्नाथ पब्लिक स्कूल और पंचदेव ज्ञानपीठ विद्यालय भी कार्रवाई की जद में आए हैं।
बीएसए अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि ब्लॉक स्तर पर लगातार ऐसे विद्यालयों की पहचान की जा रही है। खंड शिक्षा अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई है कि बच्चों का प्रवेश कराने से पहले विद्यालय की मान्यता अवश्य जांच लें।