वाराणसी मंडलीय समीक्षा बैठक: IGRS में लापरवाही पर डीडी पंचायत का वेतन रोका, कमिश्नर हुए सख्त
वाराणसी : मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान आईजीआरएस (IGRS) मामलों के संतोषजनक निस्तारण में लापरवाही और विभागीय कार्यों की सही जानकारी प्रस्तुत न करने पर डीडी पंचायत का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
IGRS शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ताओं को रैंडम फोन कॉल कर यह भी सुनिश्चित करें कि उन्हें वास्तव में संतोषजनक समाधान मिला है या नहीं।
जौनपुर की खराब रैंकिंग पर नाराजगी
बैठक में जौनपुर जिले की पारिवारिक लाभ योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में खराब रैंकिंग पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिलाधिकारी जौनपुर को संबंधित समाज कल्याण अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की प्रगति पर विशेष जोर
मंडल के सभी जिलाधिकारियों और मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (CMO) के स्तर पर जननी सुरक्षा योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा कर लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित कराया जाए।
नमामि गंगे योजना में धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान नमामि गंगे योजना की समीक्षा में पिछले महीने अपेक्षित प्रगति न मिलने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जल निगम (ग्रामीण) के महाप्रबंधक को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए और कहा कि शून्य गरीबी श्रेणी के पात्र परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं।
ICDS, विद्यालय सुरक्षा और पीएमजीएसवाई पर भी दिए निर्देश
मंडलायुक्त ने आईसीडीएस योजनाओं के तहत पोषण ट्रैकर पर सही और अद्यतन आंकड़े दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालयों के जर्जर भवनों की स्थिति की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा कि स्कूल परिसरों के ऊपर से बिजली के तार न गुजरें, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) में गाजीपुर जिले की खराब रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने संबंधित फर्म के खिलाफ कार्रवाई और एसआईटी जांच की जानकारी दी।
पौधरोपण अभियान में जियो टैगिंग अनिवार्य
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि पौधरोपण अभियान के तहत लगाए गए सभी पौधों की जियो टैगिंग कराई जाए, ताकि उनकी निगरानी और संरक्षण प्रभावी ढंग से किया जा सके।
'बेहतर समन्वय से ही जनता को मिलेगा योजनाओं का लाभ'
बैठक के अंत में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने सभी विभागीय अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी आम जनता तक पहुंचेगा, जब विभाग जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेंगे। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।