{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: गौशालाओं की व्यवस्था पर डीएम सख्त, गोवंशों के रख-रखाव में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 

Varanasi : जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की निराश्रित गोवंश संरक्षण केंद्रों (गौशालाओं) की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को गोवंशों के बेहतर रख-रखाव के लिए कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गोवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी गौशालाओं में हरे चारे, भूसे, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और शेड की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्षा और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए चारे की अग्रिम व्यवस्था करने पर भी जोर दिया।

उन्होंने पशुपालन विभाग को निर्देशित किया कि गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा बीमार और कमजोर गोवंशों के लिए विशेष पोषण एवं उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

डीएम ने कहा कि गौशालाओं का नियमित निरीक्षण किया जाए और यदि कहीं व्यवस्थाओं में कमी या लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।