वाराणसी डीएम ने SIR अभियान की प्रगति पर लिया फीडबैक, ASD मतदाताओं की दोबारा घर-घर जांच का आदेश
वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय मल्टीस्टोरी, शिवपुर (कांशीराम आवास, इन्द्रपुर) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथवार ASD (Absent, Shifted, Dead) श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की और एसआईआर प्रपत्रों की गहन जांच की।
बीएलओ को स्पष्ट निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपस्थित बीएलओ को निर्देशित किया कि जिन मतदाताओं के SIR फॉर्म अभी जमा नहीं हुए हैं, उनके घर-घर जाकर सत्यापन करें। उन्होंने कहा, फॉर्म अपलोड करते समय नाम कटने का कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करें। किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं छूटना चाहिए। यदि किसी मतदाता को गलत तरीके से ASD श्रेणी में डाल दिया गया है, तो उसे तुरंत रोल बैक करने के आदेश दिए।
2003 की मतदाता सूची से मैपिंग का निर्देश
जिलाधिकारी ने बताया कि बूथवार वितरित किए गए गणना प्रपत्रों को 2003 की मतदाता सूची से मैच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि:
-
जो मतदाता अपने प्रपत्र वापस नहीं कर पाए हैं
-
जो अनुपस्थित हैं
-
दूसरे स्थान पर शिफ्ट हो चुके हैं
-
जिनकी मृत्यु हो चुकी है
-
या जिनकी दोहरी प्रविष्टि है
उनकी सटीक जानकारी लेकर ASD श्रेणी में दर्ज किया जाए। उन्होंने कहा कि इन सभी की फिर से घर जाकर जांच की जाए और परिवार या पड़ोसी से हस्ताक्षरित सत्यापन भी प्राप्त किया जाए।
ASD मतदाताओं पर विशेष सतर्कता रखने के निर्देश
डीएम ने कहा कि जो मतदाता तलाश करने पर नहीं मिल रहे, उनमें से अधिक से अधिक लोगों के गणना प्रपत्र भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बीएलओ व बीएलए के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा, बूथ से जुड़े बीएलए के साथ बैठक कर ASD मतदाताओं पर विस्तार से चर्चा करें और पूरी सूची उन्हें उपलब्ध कराएं। इस सूची को बूथ पर चस्पा करना भी अनिवार्य है।
कटिंग मेमोरियल इंटर कॉलेज का भी किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटिंग मेमोरियल इंटरमीडिएट कॉलेज में भी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।