{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में इन 15 स्थानों पर होगा दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन, जानें आपके इलाके के लिए कौन सा स्थल तय

वाराणसी में दुर्गा प्रतिमाओं का गंगा में विसर्जन नहीं होगा। नगर निगम ने आठ जोनों में 15 विसर्जन स्थल तय किए हैं। मवैया पोखरे के विकल्प में तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। जानिए वार्डवार विसर्जन स्थलों की जानकारी और 20 से 24 अक्टूबर तक प्रतिमा विसर्जन का कार्यक्रम।

 

वाराणसी: मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर वाराणसी नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष गंगा में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए शहर के आठ जोनों में 15 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इन स्थलों पर पोखरे, कुंड, तालाब और जलकल परिसर में विसर्जन की व्यवस्था की जाएगी। नगर निगम की ओर से यहां रोशनी, बैरिकेडिंग, पेयजल और साफ-सफाई के इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रत्येक स्थल पर विशेष टीमें तैनात रहेंगी।

महापौर अशोक तिवारी ने विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण

सोमवार को महापौर अशोक तिवारी ने भेलूपुर जलकल परिसर, संकुलधारा पोखरे के पास चल रहे सुंदरीकरण कार्य, कृत्रिम तालाब और असि स्थित कुरुक्षेत्र पोखरे का निरीक्षण किया। उन्होंने भेलूपुर जलकल परिसर में प्रस्तावित पार्क का भी जायजा लिया। महापौर ने बताया कि मवैया पोखरे में विसर्जन पर रोक के बाद आसपास के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन वैकल्पिक स्थल तय किए गए हैं।

मवैया पोखरे के विकल्प में तीन स्थल निर्धारित

मवैया पोखरे के विकल्प के तौर पर रंगील दास पोखरा, सोयेपुर पोखरा और सारंगनाथ तालाब को निर्धारित किया गया है। रंगील दास पोखरे में सलारपुर, संदहा, दीनापुर और लेढुपुर वार्ड के लोग प्रतिमाओं का विसर्जन कर सकेंगे। सोयेपुर पोखरे में रमदत्तपुर, रमरेपुर, सारनाथ, पांडेयपुर, खजूरी और हुकुलगंज वार्ड के लिए व्यवस्था की गई है। वहीं, सारंगनाथ तालाब में पहाड़िया, नई बस्ती, दानियालपुर और अकथा वार्ड के लोग विसर्जन कर सकेंगे।

वाराणसी में जोनवार तय किए गए 15 विसर्जन स्थल

नगर निगम ने शहर के आठ जोनों में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए 15 स्थल चिह्नित किए हैं। भेलूपुर जोन में जलकल परिसर, विश्वसुंदरी पुल के नीचे और कुरुक्षेत्र पोखरा को विसर्जन स्थल बनाया गया है। दशाश्वमेध जोन में लक्ष्मीकुंड, जबकि सारनाथ जोन में रंगील दास पोखरा, सोयेपुर पोखरा और सारंगनाथ तालाब निर्धारित किए गए हैं।

इसी तरह ऋषिमांडवी जोन में रेवागीरी पोखरी, वरुणापार जोन में खड़गपुर और शिवपुर तथा आदमपुर जोन में मोदरी को विसर्जन स्थल बनाया गया है। रामनगर जोन में बलुआ घाट और कोतवाली जोन में मंदागिनी कुंड व ईश्वरगंगी में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

वाराणसी में 725 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित, 125 स्थल चिह्नित

इस वर्ष जिले में कुल 725 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इनके विसर्जन के लिए शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 125 स्थल चिह्नित किए गए हैं। रेवड़ी तालाब और हथुआ मार्केट में प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं होता है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर को 198 प्रतिमाओं, 21 अक्टूबर को 421 प्रतिमाओं, 22 अक्टूबर को 26 प्रतिमाओं, 23 अक्टूबर को सात प्रतिमाओं और 24 अक्टूबर को नौ प्रतिमाओं का विसर्जन होना है।

विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और सफाई की चुनौती

विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करना, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और साफ-सफाई सुनिश्चित करना नगर निगम के सामने चुनौती होगी। इसके लिए चिह्नित स्थलों पर रोशनी, बैरिकेडिंग और पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। हर स्थल पर निगम की विशेष टीमें तैनात रहेंगी, ताकि विसर्जन के दौरान व्यवस्थाएं सुचारु बनी रहें।