{"vars":{"id": "130921:5012"}}

7 साल से चल रहा था नकली दवाओं का कारोबार, हिमाचल से ओडिशा तक सप्लाई, सरगना ने जमानत के बाद फिर खड़ा किया नेटवर्क

वाराणसी में नकली दवाओं के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में सात साल पुराने कारोबार की कड़ियां सामने आ रही हैं। वर्ष 2023 में गिरफ्तारी और जमानत के बाद गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह ने कथित तौर पर नए साझेदारों के साथ नेटवर्क फिर सक्रिय किया। एसटीएफ अब सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
 

वाराणसी में बड़े दवा ब्रांडों के नाम पर नकली दवाएं तैयार कर कई राज्यों में सप्लाई करने वाले गिरोह का नेटवर्क करीब सात साल से सक्रिय बताया जा रहा है। लाइसेंसी फर्मों की आड़ में नकली दवाओं की खेप खपाने वाले इस गिरोह के तार पहले ओडिशा तक पहुंचे थे। वर्ष 2023 में कार्रवाई के बाद गिरोह के सरगना अभिषेक सिंह की गिरफ्तारी हुई, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद उसने कथित तौर पर नए साझेदारों के साथ कारोबार फिर शुरू कर दिया।

2023 में ओडिशा से खुला था नकली दवाओं का नेटवर्क

नकली दवाओं की सप्लाई का यह नेटवर्क ओडिशा से सामने आया था। वर्ष 2023 में ओडिशा की टीम ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तैयार की जा रही नकली दवाओं को लाइसेंसी फर्मों के जरिए झारसुगुड़ा और बरगढ़ पहुंचाने के मामले का खुलासा किया था। इन दोनों जिलों में कार्रवाई के दौरान सुनील अग्रवाल और अमित कुमार सरावगी को गिरफ्तार किया गया था।

जांच की कड़ियां वाराणसी तक पहुंचने के बाद एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने भी कार्रवाई की। इस दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 25 लाख रुपये की नकली दवाएं बरामद की गई थीं। जांच में गिरोह के अहम सदस्य अभिषेक सिंह का नाम सामने आया। एसटीएफ और ओडिशा की टीम ने उसे वर्ष 2023 में वाराणसी से गिरफ्तार किया था। अभिषेक समेत पांच आरोपियों को ओडिशा की टीम ट्रांजिट रिमांड पर लेकर गई थी।

जमानत के बाद बदले साझेदार, फिर सक्रिय हुआ गिरोह

जमानत पर बाहर आने के बाद अभिषेक सिंह ने कथित तौर पर फिर नकली दवाओं का कारोबार शुरू कर दिया। इस बार उसने साझेदार भी बदल लिए। मोहम्मद हसीन और मोनू कुमार समेत अन्य लोगों के साथ मिलकर नकली दवाओं की सप्लाई का नेटवर्क तैयार किया। गिरोह पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार में नकली दवाएं पहुंचाने लगा।

एसटीएफ ने अभिषेक सिंह को 18 नवंबर को चितईपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया, जबकि मोहम्मद हसीन और मोनू कुमार को रजपुरा से पकड़ा गया। जांच एजेंसियां अब गिरोह के ठिकानों और सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।

लाइसेंसी फर्मों के जरिए ओडिशा पहुंचाई जाती थीं दवाएं

इससे पहले ओडिशा में नकली दवाओं की सप्लाई के मामले में एसटीएफ की वाराणसी इकाई ने केदारघाट और टड़िया चकबीही क्षेत्र से अभिषेक सिंह समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले की चार्जशीट के मुताबिक, आरोपियों के पास से करीब 25 लाख रुपये की नकली दवाएं, फर्जी बिल, पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किए गए थे।

जांच में सामने आया था कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश से नकली दवाएं मंगाकर लाइसेंसी फर्मों के जरिए ओडिशा भेजी जाती थीं। वहां ये दवाएं बरगढ़ के अशोक मेडिकल हॉल और झारसुगुड़ा स्थित अमित मेडिकल एजेंसी तक पहुंचाई जाती थीं।

अब निर्माण ठिकानों और सप्लाई नेटवर्क की जांच

वर्ष 2023 की कार्रवाई को मौजूदा जांच में अहम कड़ी माना जा रहा है। जांच एजेंसियां पता लगा रही हैं कि बद्दी की फैक्टरी में तैयार नकली दवाएं किन राज्यों और जिलों में भेजी गईं, इस कारोबार में अन्य कौन लोग शामिल हैं और गिरफ्तारी के बाद गिरोह ने दोबारा अपना नेटवर्क किस तरह खड़ा किया।