वाराणसी: शिल्पा शेट्टी की एक झलक को बेताब दिखे फैंस, बनारस में मची सेल्फी की होड़
वाराणसी। बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचीं। बुधवार शाम काशी पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन किए। गुरुवार दोपहर उन्होंने शहर के एक प्रतिष्ठित बनारसी साड़ी शोरूम के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लिया। शिल्पा शेट्टी की एक झलक पाने के लिए कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में प्रशंसक जुटे।
अभिनेत्री के पहुंचते ही उनके साथ सेल्फी लेने और उन्हें करीब से देखने की होड़ मच गई। भीड़ बढ़ने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। सुरक्षा कर्मियों और बाउंसरों ने कड़ी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित किया और शिल्पा शेट्टी को सुरक्षित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।
बनारस की संस्कृति और बनारसी साड़ी की तारीफ
शोरूम उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत में शिल्पा शेट्टी ने बनारस की संस्कृति, विरासत और समृद्ध परंपराओं की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि बनारस केवल एक शहर नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान है। यहां की कला, संस्कृति और परंपराओं की अपनी अलग पहचान है।
शिल्पा शेट्टी ने कहा कि जब भी बनारस की परंपराओं का जिक्र होता है, बनारसी साड़ी का नाम अपने आप जुड़ जाता है। यहां की बुनाई, कारीगरी और हस्तशिल्प पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वह काशी आती हैं, उनकी यात्रा हमेशा यादगार रहती है और इस बार का दौरा भी उनके दिल के बेहद करीब है।
प्रचार का दिखा असर, शोरूम के बाहर जुटी भारी भीड़
शोरूम उद्घाटन को लेकर आयोजकों की ओर से पहले से ही व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया था। शहर के कई इलाकों में बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए गए थे। इसका असर कार्यक्रम स्थल पर भी देखने को मिला। शिल्पा शेट्टी के पहुंचने से काफी पहले ही उनके प्रशंसक शोरूम के बाहर जमा होने लगे थे।
अभिनेत्री के पहुंचते ही लोगों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। भीड़ लगातार आगे बढ़ने लगी, जिससे कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बन गई। पुलिसकर्मियों और बाउंसरों ने मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।
कुछ सेकंड के लिए गुल हुई बिजली
कार्यक्रम के दौरान कुछ सेकंड के लिए बिजली आपूर्ति बाधित होने से भी हलचल मच गई। हालांकि कुछ ही क्षण बाद बिजली बहाल हो गई और कार्यक्रम सामान्य रूप से आगे बढ़ता रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क कर दिया गया।
बुधवार रात किए बाबा विश्वनाथ के दर्शन
वाराणसी पहुंचने के बाद बुधवार रात शिल्पा शेट्टी सीधे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने विधि-विधान से बाबा विश्वनाथ का दर्शन और पूजन किया। दर्शन के बाद अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि काशी आना और बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना उनके लिए हमेशा विशेष और आध्यात्मिक अनुभव होता है।
उन्होंने कहा कि जब भी वह काशी आती हैं, बाबा विश्वनाथ के दरबार में जरूर माथा टेकती हैं। काशी आने से मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि काशी का आध्यात्मिक वातावरण और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद उन्हें हर बार नई ऊर्जा देता है।