वाराणसी: बेटी की शादी से पहले पिता की सड़क हादसे में मौत, मातम में बदली खुशियां
वाराणसी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने होटल स्टाफ राजेश गोंड की स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। राजेश की बेटी की शादी कुछ दिनों बाद थी, जिससे घर की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
वाराणसी: कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार राजेश गोंड को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा डीआईजी पीएसी आवास के पास हुआ। राजेश की बेटी की शादी पांच दिन बाद थी, घर में पिता के मौत की खबर सुनते ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, 48 वर्षीय राजेश गोंड शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में हाउसकीपिंग स्टाफ थे और रोज की तरह ड्यूटी से लौटकर घर जा रहे थे। टक्कर के बाद राजेश डिवाइडर से जाकर टकराए और गंभीर चोट लगने के चलते उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतक के मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उनकी बेटी अंजली, मां और बहन रोते-बिलखते कैंट थाने पहुंचीं। पिता के निर्जीव शरीर को देखते ही अंजली फूट-फूटकर रो पड़ी और कुछ ही देर में बेहोश होकर थाने के फर्श पर गिर गई। मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभाला। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने पानी मंगवाकर परिवार को ढांढस बंधाया, जबकि महिला कॉन्स्टेबल स्नेहा पांडेय अंजली को संभालती रहीं।
राजेश गोंड मूल रूप से फुलवरिया थाना क्षेत्र के इमलिया घाट के रहने वाले थे। सबसे दर्दनाक यह रहा कि घर में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं। 25 नवंबर को उनकी बड़ी बेटी अंजली की शादी थी। कार्ड छप चुके थे, मेहंदी और हल्दी की तारीखें तय थीं, रिश्तेदारों को न्योते भेजे जा चुके थे। राजेश ने इसी शादी की वजह से आज से छुट्टी लेनी थी और आखिरी दिन की ड्यूटी पूरी करने होटल गए थे। लेकिन कुछ ही मिनटों में खुशियों से भरा घर मातम में बदल गया। पत्नी शीला और छोटी बेटी मिनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और स्कॉर्पियो (UP-65-EU-9399) के चालक की तलाश जारी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी ने अधिकारियों से तत्काल आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन भी दिया है।