वाराणसी : गौशालाओं की समीक्षा में मिली खामियां, DM ने दिए सचिव के निलंबन और प्रधान के अधिकार सीज करने के निर्देश
वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निराश्रित गोवंशों के संरक्षण और गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी गौ आश्रय स्थलों पर हरा चारा, भूसा, पशु आहार, स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शेड तथा बीमार गोवंशों के उपचार की समुचित व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान मौसम को देखते हुए गोवंशों की सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने नोडल अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों (बीडीओ) और पशु चिकित्सकों को सभी गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने तथा व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान सेवापुरी के भिटकुरी स्थित बृहद गौ-संरक्षण केंद्र के संचालन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित करने और ग्राम प्रधान के प्रशासनिक अधिकार सीज करने की कार्रवाई के लिए खंड विकास अधिकारी सेवापुरी तथा जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित किया।
इसके अलावा ग्राम सत्तनपुर में निर्माणाधीन बृहद गोवंश आश्रय स्थल में घटिया निर्माण सामग्री और मानकों की अनदेखी पाए जाने पर भी जिलाधिकारी ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को प्रोजेक्ट मैनेजर के निलंबन की कार्रवाई करने के साथ ही संबंधित ठेकेदार और प्रोजेक्ट मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण की समीक्षा मुख्यमंत्री और शासन स्तर पर लगातार की जा रही है। ऐसे में इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।