{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: वन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 38 हजार की ठगी, आरोपी दरोगा पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी में वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 38 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोपी खुद को वन दरोगा बताकर पैसे लेता रहा और बाद में फोन बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: वन विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी का एक मामला सामने आया है। आरोप है कि खुद को वन दरोगा बताने वाले व्यक्ति ने एक युवक से 38 हजार रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित की शिकायत पर जैतपुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुगलसराय क्षेत्र के जलीलपुर मढिया पड़ाव निवासी मोहम्मद अहमद के अनुसार, 20 दिसंबर को उनकी मुलाकात कचहरी परिसर में पुराने परिचित सिद्धार्थ शंकर तिवारी से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को वन दरोगा बताते हुए विभाग में दरोगा और कांस्टेबल की भर्ती का दावा किया और पैसे लेकर नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

दस्तावेज मंगवाकर शुरू किया ठगी का खेल

पीड़ित ने बताया कि आरोपी के झांसे में आकर उसने अपने, अपने भाई अकरम और मित्र सुल्तान खान के दस्तावेज पीडीएफ के रूप में भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने अलग-अलग तारीखों पर पैसे की मांग की।

21 दिसंबर को 30 हजार रुपये, 23 दिसंबर को 3 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए, जबकि एक हजार रुपये नकद दिए गए। इस तरह कुल 38 हजार रुपये देने के बाद आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया।


फोन बंद होते ही खुली ठगी की पोल

काफी प्रयास के बाद भी जब आरोपी से संपर्क नहीं हो सका, तो पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने जैतपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सिद्धार्थ शंकर तिवारी के रूप में हुई है, जिसकी वर्तमान तैनाती गाजीपुर में बताई जा रही है।

थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।