वाराणसी: महिला हेल्प डेस्क से साइबर सेल तक, दशाश्वमेध थाने का ACP अतुल अंजान त्रिपाठी ने किया निरीक्षण
Varanasi: सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने थाना दशाश्वमेध का त्रैमासिक निरीक्षण किया। उन्होंने थाना परिसर, अभिलेख, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क और अन्य व्यवस्थाओं का समीक्षा की। मिशन शक्ति 5.0 के तहत कार्रवाई और साइबर सेल पोर्टल के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए।
Varanasi : सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने गुरुवार को थाना दशाश्वमेध का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत गार्द की सलामी के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर, अभिलेख, शस्त्रागार, हवालात, मालखाना, महिला हेल्प डेस्क, जनसुनवाई रजिस्टर सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति 5.0 के तहत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा रजिस्टरों में फीडबैक दर्ज करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने थाना स्तर पर गठित साइबर सेल की व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एनसीसीआरपी पोर्टल, समन्वय पोर्टल और प्रतिबिम्ब पोर्टल के प्रभावी उपयोग के लिए भी हिदायत दी।
थाने की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा अभिलेख अद्यावधिक मिले। बीट पुस्तिकाओं की जांच करते हुए उन्हें अद्यतन रखने और बीट से संबंधित सभी जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। पुलिस कर्मियों को अनुशासन, स्वच्छता और जनता के प्रति संवेदनशील तथा सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने पर बल दिया गया।
महिला हेल्प डेस्क की समीक्षा के दौरान महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एसीपी ने थानाध्यक्ष को लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, कानून-व्यवस्था के प्रभावी नियंत्रण और जनशिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए निर्देशित किया।
आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही थाने में मौजूद लावारिस, सीज एवं मुकदमाती वाहनों की नियमानुसार नीलामी की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।
प्रचलित अभियानों, ऑपरेशन चक्रव्यूह एवं यातायात माह के तहत प्रभावी चेकिंग और कार्रवाई करने पर भी बल दिया गया। निरीक्षण के बाद एसीपी ने थाना स्टाफ से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान थाना दशाश्वमेध के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।