तीन किशोरों को बचाने वरुणा नदी में उतरे 47 वर्षीय संजय दीक्षित, डूबने से मौत- NDRF ने बरामद किया शव
वाराणसी: बड़ागांव थाना क्षेत्र के इसीपुर स्थित वरुणा नदी में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार शाम विसर्जन के दौरान तीन किशोर नदी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए नदी में उतरे 47 वर्षीय संजय दीक्षित गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी तलाश के बाद शनिवार दोपहर एनडीआरएफ की टीम ने उनका शव बरामद किया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची बड़ागांव और जंसा पुलिस ने ग्रामीणों के साथ संजय दीक्षित की तलाश शुरू की थी। अंधेरा होने के कारण शुक्रवार रात सर्च अभियान रोकना पड़ा। शनिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने दोबारा अभियान शुरू किया और करीब छह घंटे की तलाश के बाद शव बरामद किया।
घर पर पांच दिन से स्थापित थी गणेश प्रतिमा
जानकारी के अनुसार, जंसा थाना क्षेत्र के राखी नेवादा गांव निवासी संजय दीक्षित ने अपने घर पर पांच दिवसीय गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। शुक्रवार को पूजा-पाठ पूरा होने के बाद वह गांव के लोगों के साथ प्रतिमा विसर्जन के लिए इसीपुर स्थित वरुणा नदी पहुंचे थे।
विसर्जन के दौरान उनके साथ आए मोनू, टोनू और निशांत नाम के तीन किशोर अचानक नदी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने प्रयास किया और काफी मशक्कत के बाद तीनों किशोरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, इस दौरान संजय दीक्षित गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए।
ग्रामीणों ने जाल डालकर की तलाश, नहीं मिली सफलता
संजय के नदी में डूबने की सूचना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल उनकी तलाश शुरू कर दी। नदी में जाल डालकर काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ागांव और जंसा पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। एसीपी पिंडरा प्रशांत सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने शुक्रवार रात बताया कि अंधेरा हो जाने के कारण उस समय सर्च अभियान चलाना संभव नहीं था। ऐसे में शनिवार सुबह दोबारा खोज अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
NDRF ने सुबह छह बजे शुरू किया सर्च ऑपरेशन
शनिवार सुबह करीब छह बजे एनडीआरएफ की टीम इंस्पेक्टर रेखा कुमारी के नेतृत्व में इसीपुर पहुंची। टीम ने तत्काल दो नावों के साथ नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। नदी के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुटे रहे और लगातार संजय दीक्षित के मिलने का इंतजार करते रहे। एनडीआरएफ के जवानों ने नदी के अलग-अलग हिस्सों में काफी देर तक तलाश की।
करीब दोपहर 12 बजे एनडीआरएफ टीम को गद्दोपुर गांव स्थित इमलिया घाट के पास पानी में शव उतराया हुआ दिखाई दिया। टीम ने शव को बाहर निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया।