{"vars":{"id": "130921:5012"}}

गंगा की लहरों पर 3 दिन का शाही सफर! वाराणसी से शुरू हुई लग्जरी क्रूज यात्रा, चुनार तक मिलेगा रॉयल अनुभव

वाराणसी में 'गंगा हेरिटेज वॉयज' के तहत 4 से 6 सितंबर तक तीन दिवसीय लग्जरी क्रूज यात्रा शुरू हो रही है। गंगा आरती, चुनार किला, सिद्धनाथ की दरी, गंगा डॉल्फिन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लग्जरी ठहराव इस यात्रा को खास बनाएंगे। जानिए पूरा कार्यक्रम और खासियत।

 

वाराणसी: अगर आप गंगा की लहरों पर लग्जरी अंदाज में आध्यात्म, संस्कृति और प्रकृति का अद्भुत संगम देखना चाहते हैं, तो अब यह सपना सच होने जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग और निजी क्षेत्र के सहयोग से वाराणसी में 'गंगा हेरिटेज वॉयज' थीम पर तीन दिवसीय लग्जरी क्रूज यात्रा शुरू की जा रही है। 4 से 6 सितंबर तक चलने वाली इस विशेष यात्रा के लिए प्री-बुकिंग भी शुरू हो चुकी है।

'गंगा हेरिटेज वॉयज' देगा शाही अनुभव

अलकनंदा क्रूजलाइन के प्रतिनिधि विकास मालवीय के अनुसार यह यात्रा केवल एक क्रूज ट्रिप नहीं, बल्कि गंगा की सभ्यता, संस्कृति, आध्यात्म और विरासत को करीब से महसूस कराने वाला विशेष अनुभव होगी। इस दौरान यात्रियों को गंगा के शांत वातावरण के बीच लग्जरी सुविधाओं के साथ ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

गंगोत्री क्रूज पर मिलेगा लग्जरी ठहराव

इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान यात्रियों को 'गंगोत्री' लग्जरी क्रूज पर ठहरने का अवसर मिलेगा। शानदार केबिन, आधुनिक सुविधाएं, प्रीमियम आतिथ्य, सनडेक, लग्जरी लाउंज और वेलनेस सुविधाओं के साथ यह यात्रा पर्यटकों के लिए यादगार बनने वाली है।

गंगा डॉल्फिन से लेकर चुनार किले तक मिलेगा खास अनुभव

क्रूज यात्रा के दौरान पर्यटक गंगा के मनोरम घाटों का विहंगम दृश्य देख सकेंगे। साथ ही गंगा में अठखेलियां करती गंगा डॉल्फिन, चुनार का ऐतिहासिक किला, सिद्धनाथ की दरी झरना, शूलटंकेश्वर मंदिर और गंगा किनारे बसे सांस्कृतिक स्थलों का भी भ्रमण कराया जाएगा।

स्थानीय बनारसी व्यंजनों के साथ यात्रियों को पूर्वांचल की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से भी रूबरू कराया जाएगा।

पहले दिन क्या रहेगा खास?

यात्रा का पहला दिन वाराणसी आगमन और क्रूज पर स्वागत से शुरू होगा। इसके बाद यात्रियों को- 

  • लग्जरी चेक-इन
  • गंगा आरती क्रूज अनुभव
  • बनारसी हाई टी
  • शास्त्रीय संगीत संध्या
  • विशेष डिनर का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

दूसरे दिन होगा चुनार हेरिटेज टूर

दूसरे दिन सुबह सूर्योदय के समय गंगा में नौका विहार करते हुए चुनार की ओर प्रस्थान किया जाएगा। दिनभर के कार्यक्रम में शामिल होंगे-

सूर्योदय के साथ क्रूज सफर
ऑनबोर्ड नाश्ता
सिद्धनाथ की दरी झरने का भ्रमण
चुनार हेरिटेज टूर
क्रूज पर दोपहर का भोजन
शूलटंकेश्वर मंदिर दर्शन
शाम को वाराणसी में स्वतंत्र भ्रमण
विशेष रात्रिभोज

आध्यात्म, संस्कृति और लग्जरी का अनूठा संगम

इस विशेष क्रूज यात्रा को इस तरह तैयार किया गया है कि यात्री गंगा के धार्मिक महत्व के साथ-साथ काशी की ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक समृद्धि को भी नजदीक से महसूस कर सकें। यात्रा के दौरान पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और वेलनेस गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

प्री-बुकिंग शुरू, सीमित सीटें उपलब्ध

अलकनंदा क्रूजलाइन के अनुसार 4 से 6 सितंबर तक आयोजित होने वाली इस तीन दिवसीय यात्रा के लिए प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है। सीमित सीटों के कारण इच्छुक पर्यटकों को पहले से बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। यह यात्रा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए काशी को एक बिल्कुल नए और शाही अंदाज में देखने का अवसर प्रदान करेगी।