वाराणसी को मिली तीन नई ट्रेनों की सौगात, दिल्ली से गुवाहाटी तक दौड़ेगी बुलेट ट्रेन; नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी
वाराणसी। उत्तर प्रदेश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात मिल गई है। शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बनारस स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस समेत तीन ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रेल मंत्री ने देश में बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी मिलने की ऐतिहासिक घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार दोपहर करीब तीन बजे वाराणसी पहुंचे। इसके बाद आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री और मुख्यमंत्री ने वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के साथ प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू और वाराणसी सिटी-राजातालाब मेमू सेवा का शुभारंभ किया।
दिल्ली से गुवाहाटी तक बनेगा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार ने बुलेट ट्रेन के नॉर्थ कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, बनारस और प्रयागराज होते हुए पटना, सिलीगुड़ी और गुवाहाटी तक जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से देश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। प्रस्तावित कॉरिडोर के तहत भविष्य में दिल्ली से कानपुर की दूरी महज एक घंटे, दिल्ली से आगरा की दूरी 59 मिनट और दिल्ली से लखनऊ की यात्रा केवल दो घंटे 12 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
रेल मंत्री ने विश्वास जताया कि यह आधुनिक रेल नेटवर्क अगले 100 वर्षों तक देश की आने वाली पीढ़ियों और लघु उद्योगों के विकास को नई गति प्रदान करेगा।
वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होगी वंदे भारत स्लीपर
वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 27421) वाराणसी जंक्शन से रात 8:50 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी।
वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 27422 नई दिल्ली से रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी। इसका संचालन शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन किया जाएगा।
इस ट्रेन का ठहराव प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर होगा।
प्रयागराज और वाराणसी के यात्रियों को भी राहत
प्रयागराज रामबाग-बनारस मेमू सेवा प्रतिदिन संचालित की जाएगी। ट्रेन संख्या 65123 सुबह सात बजे बनारस से रवाना होकर सुबह 9:50 बजे प्रयागराज रामबाग पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 65124 प्रयागराज रामबाग से शाम छह बजे प्रस्थान कर रात 8:30 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी।
इसके अलावा वाराणसी सिटी-राजातालाब के बीच चार जोड़ी मेमू ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस रूट पर कुल आठ ट्रेनों का संचालन होगा। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों के सभी कोचों के साथ ड्राइवर कैब में भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि देश की पहली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस 17 जनवरी 2026 को गुवाहाटी के कामाख्या स्टेशन से हावड़ा (कोलकाता) के बीच शुरू की गई थी। अब वाराणसी-नई दिल्ली रूट पर इस आधुनिक ट्रेन के संचालन से यात्रियों को लंबी दूरी की रात की यात्रा में बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।