{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: तुलसी घाट पर नहाने के दौरान गंगा में डूबा गाजीपुर का युवक, NDRF ने निकाला शव

वाराणसी के तुलसी घाट पर गंगा स्नान के दौरान गाजीपुर के 21 वर्षीय युवक तुषार राय की डूबने से मौत हो गई। बाबा विश्वनाथ दर्शन से पहले हुए इस हादसे के बाद NDRF ने घंटों की मशक्कत के बाद शव बरामद किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित तुलसी घाट पर सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। गाजीपुर से बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए काशी पहुंचे 21 वर्षीय युवक की गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर एनडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया।

मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर निवासी तुषार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार अपने साथियों के साथ वाराणसी आया था। सभी लोगों ने पहले गंगा स्नान और उसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम बनाया था।

जेटी पार कर गहरे पानी में चला गया युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार भोर करीब तीन बजे तुषार अपने साथियों के साथ तुलसी घाट पहुंचा था। स्नान के दौरान वह घाट पर सुरक्षा के लिए लगाई गई जेटी को पार कर गंगा नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे आगे जाने से रोका भी, लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक गर्मी के कारण इन दिनों गंगा का जलस्तर कम है और बहाव भी अपेक्षाकृत धीमा है। इसी वजह से युवक काफी अंदर तक चला गया, जहां अचानक गहरे पानी में पहुंचने के बाद वह डूबने लगा।

दोस्तों के सामने हुआ हादसा, मच गई चीख-पुकार

तुषार को डूबता देख उसके साथ मौजूद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल एनडीआरएफ और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया।

करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद एनडीआरएफ टीम ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों में भी मायूसी फैल गई।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की जानकारी मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिवार के लोग गाजीपुर से वाराणसी के लिए रवाना हो चुके हैं।