{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: होटल की किचन में अचानक लगी आग, कर्मचारियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

वाराणसी के गिरजाघर स्थित एक होटल की किचन में रविवार को अचानक आग लग गई। धुआं उठने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। प्रशिक्षित कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पा लिया। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
 

वाराणसी: लक्सा थाना क्षेत्र के गिरजाघर स्थित एक होटल की किचन में रविवार को अचानक आग लग गई। किचन से धुआं उठता देख होटल में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही होटल प्रबंधन ने पुलिस को 112 नंबर पर जानकारी दी। इसी बीच प्रशिक्षित कर्मचारियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पा लिया।

समय रहते आग बुझ जाने से होटल में बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

किचन से धुआं उठते ही मची अफरा-तफरी

बताया गया कि रविवार को होटल की किचन से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में कर्मचारियों को आग लगने की जानकारी हुई। इसके बाद होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

होटल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।

कर्मचारियों की ट्रेनिंग आई काम

होटल कर्मचारियों को पहले से ही आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण मिला हुआ था। इसी प्रशिक्षण का इस्तेमाल करते हुए कर्मचारियों ने मौके पर रखे फायर एक्सटिंग्विशर से आग पर काबू पा लिया। प्रशिक्षित कर्मचारियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक दिया गया और संभावित बड़े हादसे को टाल दिया गया।

शॉर्ट सर्किट या गैस लीक की आशंका

सूचना मिलने के बाद पुलिस और भेलूपुर फायर ब्रिगेड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने होटल की किचन और आसपास के हिस्से का निरीक्षण किया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या गैस लीक होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।