वाराणसी: फेरे से पहले दूल्हे की खुली पोल! प्रेमिका पहुंची पुलिस के साथ, शादी बनी तमाशा
वाराणसी: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित एक लॉन में चल रहा शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब दूल्हे की कथित प्रेमिका पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गई। युवती ने शादी का विरोध करते हुए दूल्हे पर गंभीर आरोप लगाए और दावा किया कि दोनों पहले ही कोर्ट मैरिज कर चुके हैं।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे और उसके परिजनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद यह समझौता हुआ कि लड़का पक्ष, लड़की पक्ष को एक सप्ताह के भीतर शादी में हुए पूरे खर्च की भरपाई करेगा।
इसी बीच, कुछ ही देर बाद महाराष्ट्र से आई एक अन्य युवती भी थाने पहुंच गई, जिससे मामला और पेचीदा हो गया। तीनों पक्षों की अलग-अलग मांगों के चलते माहौल तनावपूर्ण बना रहा। महाराष्ट्र से आई युवती ने साफ कहा कि वह किसी भी कीमत पर यह शादी नहीं होने देगी।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह पुणे की रहने वाली है और उसकी पहचान जौनपुर के जलालपुर निवासी युवक से फेसबुक के जरिए हुई थी। यह जान-पहचान बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे संबंध बनाए और धोखाधड़ी की, जिसके खिलाफ उसने नवंबर में मामला भी दर्ज कराया था। उसने यह भी दावा किया कि दोनों ने कोर्ट मैरिज की थी।
प्रेमिका के अनुसार, युवक ने अपनी सगाई की तस्वीरें भेजकर उसे उकसाया और बताया कि उसकी शादी महमूरगंज क्षेत्र में तय हो गई है। इसके बाद वह पुणे से फ्लाइट लेकर वाराणसी पहुंची और पुलिस के साथ शादी स्थल पर पहुंचकर हंगामा कर दिया।
थाना प्रभारी अजय राज वर्मा ने बताया कि फिलहाल मामले में समझौता करा दिया गया है। वहीं, शादी लॉन के बाहर कुछ समय के लिए मारपीट की स्थिति भी बन गई थी, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया और भीड़ को खदेड़ दिया।