{"vars":{"id": "130921:5012"}}

पूजा पंडाल से लौट रहीं महिलाओं को स्कार्पियो ने रौंदा, चार घायल, चालक फरार

वाराणसी के मंडुआडीह में पूजा पंडाल से लौट रहीं चार महिलाओं को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने टक्कर मार दी। दो की हालत गंभीर है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है।

 

वाराणसी: मंडुआडीह थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूजा पंडाल से दर्शन कर लौट रहीं एक ही परिवार की चार महिलाएं घायल हो गईं। कंदवा दक्षिणी स्कूल के पास तेज रफ्तार स्कार्पियो ने पीछे से महिलाओं को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

कंदवा घमहापुर निवासी महिलाएं सरस्वती पूजा पंडाल में दर्शन के बाद पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सफेद रंग की स्कार्पियो (संख्या यूपी 65 डीएल 5552) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिलाएं दूर जा गिरीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद चालक वाहन की रफ्तार बढ़ाकर फरार हो गया।

घायलों में सीता देवी (70) और केशरी देवी (70) को अवलेशपुर स्थित सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मोनिका पटेल (70) और मंजू देवी (65) की हालत गंभीर होने पर उन्हें चितईपुर के वर्षोवा अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित परिवार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस फरार स्कार्पियो चालक की तलाश में जुटी है।