डीजे विवाद में हत्या, सड़क हादसों में गई जान… होली के 48 घंटे में 4 मौतें, 87 घायल, कई जगह मारपीट
वाराणसी में होली के 48 घंटों के दौरान हिंसा और हादसों की कई घटनाएं सामने आईं। डीजे विवाद में एक व्यक्ति की हत्या, सड़क हादसों में कई लोगों की मौत और मारपीट में 87 लोग घायल हुए। पुलिस ने 18 मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाराणसी: रंगों का त्योहार होली इस बार वाराणसी में कई परिवारों के लिए मातम बन गया। पिछले 48 घंटों के दौरान जिले में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों पर चाकू से हमला किया गया और मारपीट व झगड़ों में 87 लोग घायल हो गए।
पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं को लेकर 18 मामलों में तहरीर और प्राथमिकी दर्ज की है। ग्रामीण क्षेत्रों में रंग लगाने, डीजे बजाने और पुरानी रंजिश को लेकर कई जगह विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आईं।
डीजे पर गाना बजाने के विवाद में अधेड़ की हत्या
सिंधोरा थाना क्षेत्र के बुची गांव में डीजे पर गाना बजाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि शराब के नशे में धुत कुछ युवकों ने 56 वर्षीय त्रिलोकी राम की बेरहमी से पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल त्रिलोकी राम की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी के अनुसार, परिजनों की तहरीर पर गांव के ही नरमुं, गुड्डू राजा, संदीप कुमार और गोविंदा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चोलापुर में जीप चढ़ाने का आरोप, युवक की मौत
चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना निवासी रोहित भारद्वाज की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई जितेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया कि रोहित घर के पास खड़ा था, तभी प्रिंस मोदनवाल खुली जीप से आया और जानबूझकर उसे टक्कर मार दी।
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने थाने पर हंगामा किया। मौके पर पहुंची एसीपी सारनाथ ने लोगों को समझाकर शांत कराया। मृतक की पत्नी पिंकी ने इसे हत्या बताया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गरमथा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
बाइक हादसे में युवक की मौत
पूरेधू शाह निवासी 22 वर्षीय मनीष कुमार बाइक से बिना हेलमेट के अपनी बहन के घर खालीसपुर (जौनपुर) जा रहा था। चंदवक के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। वह दो भाइयों में छोटा था। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
ऑटो हादसे में आठ साल के बच्चे की मौत
रोहनिया थाना क्षेत्र के मलहलिया लंका निवासी अनीता देवी अपने 8 वर्षीय बेटे अभय के साथ मायके सरवनपुर जा रही थीं। आरोप है कि ऑटो चालक नशे में था और वाहन खंभे से टकरा गया।
हादसे में मां-बेटा दोनों घायल हो गए। इलाज के दौरान अभय की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत के बाद परिवार सदमे में है। पुलिस ने ऑटो जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बाइक टकराने से युवक की जान गई
गंगापुर-रोहनिया मार्ग पर बलिरामपुर निवासी दीपक और धर्मेंद्र धरकार बाइक से जा रहे थे। दाउदपुर के पास बाइक खंभे से टकरा गई। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को निजी अस्पताल से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दीपक की मौत हो गई। दीपक चार बहनों में इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
अन्य हादसों में भी लोग घायल
रथयात्रा चौराहे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से विरदोपुर निवासी कन्हैया लाल घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं चौकाघाट के पास साइकिल से जा रहे अरुण विश्वकर्मा (45) ऑटो की टक्कर से घायल हो गए। लोहता थाना क्षेत्र के रिंग रोड फेज-2 पर दो वाहनों की टक्कर में प्रीतम जोशी (मिर्जापुर) और अभिषेक राय (चंदापुर, मिर्जापुर) घायल हो गए। थाना प्रभारी राजबहादुर मौर्य ने बताया कि दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है।