{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi: IIT BHU को मिला 1.02 करोड़ का स्टार्टअप फंड, 1957 बैच के पूर्व छात्र की स्मृति में दान

 

Varanasi: IIT BHU में स्टार्टअप और प्रोटोटाइप को बढ़ावा देने के लिए 1.02 करोड़ रुपये का एंटरप्रेन्योरशिप फंड स्थापित किया गया है। यह फंड संस्थान के 1957 बैच के मैकेनिकल इंजीनियरिंग छात्र एम. रामकृष्णन की स्मृति में उनकी पत्नी मालिनी रामकृष्णन द्वारा दान स्वरूप दिया गया है। एम. रामकृष्णन का निधन 2017 में हो गया था, जबकि उनकी पत्नी मालिनी चेन्नई में रहती हैं।

इस फंड का नाम "एम. रामकृष्णन – मालिनी रामकृष्णन एंटरप्रेन्योरशिप फंड" रखा गया है। इसे IIT BHU फाउंडेशन के तहत स्थापित किया गया है। फाउंडेशन ने बताया कि इसका उद्देश्य युवाओं को उद्यमशीलता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनके प्रोटोटाइप वेंचर्स को आर्थिक सहायता प्रदान करना है।

इस पहल के तहत आईआईटी बीएचयू के आई-3 फाउंडेशन द्वारा मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के सर्वश्रेष्ठ तीन छात्रों का चयन किया जाएगा और उन्हें इस फंड से मदद दी जाएगी। चयनित छात्रों द्वारा यदि कोई व्यावसायिक विचार या वेंचर प्रोटोटाइप के रूप में विकसित किया गया हो, तो उन्हें आर्थिक सहायता दी जाएगी।