{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: VDA की सील तोड़कर फिर शुरू कराया अवैध निर्माण, महिला के खिलाफ FIR दर्ज

वाराणसी के चोलापुर क्षेत्र में VDA द्वारा सील किए गए अवैध निर्माण स्थल की सील तोड़कर दोबारा निर्माण शुरू करने का मामला सामने आया है। विकास प्राधिकरण की शिकायत पर महिला के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

वाराणसी। विकास प्राधिकरण (VDA) द्वारा सील किए गए अवैध निर्माण स्थल की सील तोड़कर दोबारा निर्माण कार्य शुरू करने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विकास प्राधिकरण की तहरीर पर चोलापुर पुलिस ने महिला निर्माणकर्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में सरिता सिंह पत्नी रामविलास सिंह द्वारा करीब 92 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत मिलने के बाद विकास प्राधिकरण ने मामले की जांच की और निर्माण को नियमों के विरुद्ध पाया।

पहले नोटिस, फिर सीलिंग की कार्रवाई

विकास प्राधिकरण की ओर से 20 अप्रैल को निर्माणकर्ता को नोटिस जारी कर तत्काल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। नियमों की अनदेखी होने पर प्राधिकरण ने 31 मई को मौके पर पहुंचकर भवन को सील कर दिया।

सील तोड़कर दोबारा शुरू कर दिया निर्माण

आरोप है कि सीलिंग की कार्रवाई के बाद भी निर्माणकर्ता ने विकास प्राधिकरण की लगाई गई सील तोड़ दी और दोबारा निर्माण कार्य शुरू करा दिया। मामले की जानकारी मिलने पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और पूरी रिपोर्ट तैयार की।

इसके बाद अवर अभियंता की ओर से चोलापुर थाने में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

विकास प्राधिकरण ने एक बार फिर लोगों से अपील की है कि किसी भी प्लॉट या भवन को खरीदने से पहले उसकी कानूनी स्थिति, स्वीकृत मानचित्र और संबंधित दस्तावेजों की पूरी जानकारी अवश्य प्राप्त करें। प्राधिकरण का कहना है कि बिना स्वीकृति कराए निर्माण कराने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि विकास प्राधिकरण से प्राप्त तहरीर के आधार पर सरिता सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।