वाराणसी : कैंट स्टेशन के सामने दो गेस्ट हाउस सील, बिना अनुमति निर्माण पर नगर निगम ने की कार्रवाई
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने बिना अनुमति संचालित दो गेस्ट हाउस सील कर दिए। दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से में बने इन गेस्ट हाउस पर कार्रवाई प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद हुई। अभियान के दौरान सड़क से अतिक्रमण भी हटाया गया।
वाराणसी: कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में नगर निगम ने बिना अनुमति संचालित किए जा रहे दो गेस्ट हाउस को सील कर दिया। दोनों गेस्ट हाउस नगर निगम की ओर से आवंटित दुकान संख्या 50 और 68 के ऊपरी हिस्से में बनाए गए थे। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों को महिला पुलिसकर्मियों की मदद से बाहर निकाला गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के नेतृत्व में नगर निगम की प्रवर्तन टीम गुरुवार शाम विजयानगरम मार्केट पहुंची। टीम ने पुलिस की मौजूदगी में दोनों गेस्ट हाउस को सील किया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
बिना अनुमति ऊपरी मंजिल पर बना दिए गेस्ट हाउस
अपर नगर आयुक्त अमित कुमार के अनुसार, करीब 40 वर्ष पहले नगर निगम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने विजयानगरम मार्केट में लगभग 90 दुकानें आवंटित की थीं। आरोप है कि कई दुकानदारों ने नगर निगम की अनुमति के बिना दुकानों के ऊपर अतिरिक्त मंजिल का निर्माण करा लिया।
इनमें कुछ दुकानों का मूल व्यावसायिक इस्तेमाल बंद कर ऊपरी हिस्सों में होटल और लॉज जैसी गतिविधियां शुरू कर दी गईं। दुकान संख्या 50 और 68 भी नगर निगम की ओर से किराये पर आवंटित थीं। आरोप है कि इन्हें नियमों के विपरीत तीसरे पक्ष को सिकमी के तौर पर दे दिया गया और ऊपरी हिस्से में बिना स्वीकृति गेस्ट हाउस बना दिए गए।
नोटिस के बाद हाईकोर्ट पहुंचा था मामला
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मामला सामने आने के बाद संबंधित पक्ष को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद गेस्ट हाउस संचालक पक्ष ने हाईकोर्ट का रुख किया।
अदालत ने निर्देश दिया था कि संबंधित पक्ष के प्रत्यावेदन का निस्तारण होने तक नगर निगम कोई दंडात्मक कार्रवाई न करे। इसके बाद मामले में सुनवाई की प्रक्रिया चली और नगर निगम की ओर से प्रभावी पैरवी की गई।
प्रत्यावेदन खारिज होने के बाद सीलिंग
अपर नगर आयुक्त ने बताया कि नगर आयुक्त स्तर पर संबंधित प्रत्यावेदन को नियमों के तहत खारिज कर दिया गया। इसके बाद कार्रवाई में कानूनी बाधा नहीं रही। इसी के बाद गुरुवार को प्रवर्तन टीम पुलिस बल के साथ विजयानगरम मार्केट पहुंची और दुकान संख्या 50 व 68 के ऊपरी हिस्से में संचालित दोनों गेस्ट हाउस को सील कर दिया।
सड़क से भी हटाया गया अतिक्रमण
सीलिंग की कार्रवाई के साथ नगर निगम ने मार्केट के आसपास सड़क पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ भी अभियान चलाया। सड़क किनारे लगे अवैध ठेले-खोमचे और अन्य कब्जे हटवाए गए। कार्रवाई के दौरान व्यापारियों की भीड़ जमा रही। नगर निगम अधिकारियों के साथ गेस्ट हाउस संचालक पक्ष के वकील भी मौके पर पहुंचे।