Varanasi: इंस्टाग्राम की दोस्ती शादी तक पहुंची, लेकिन फिल्टर बना विवाद की वजह; युवती ने खाया विषाक्त पदार्थ
वाराणसी। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती और प्रेम संबंध के बाद शादी से इनकार करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। सारनाथ थाना क्षेत्र में युवक के शादी से मना करने पर महाराष्ट्र से वाराणसी पहुंची युवती ने कथित तौर पर विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पालघर (महाराष्ट्र) निवासी युवती की इंस्टाग्राम के माध्यम से सारनाथ थाना क्षेत्र के पुरानापुल निवासी निहाल राजभर से बातचीत शुरू हुई थी। समय के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध स्थापित हो गया। युवती शादी की उम्मीद लेकर 9 जून को वाराणसी पहुंची और सीधे युवक के घर पहुंचकर विवाह की बात कही।
आरोप है कि निहाल ने शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद मंगलवार देर रात युवती ने युवक के घर के सामने ही विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
वहीं पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने कहा कि वह शादी नहीं करेगा। उसका दावा है कि युवती इंस्टाग्राम पर फेस फिल्टर का इस्तेमाल कर वीडियो कॉल और फोटो साझा करती थी। आमने-सामने मिलने पर वह तस्वीरों से अलग दिखी, इसलिए उसने शादी से इनकार कर दिया।
सारनाथ थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। युवती के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।