{"vars":{"id": "130921:5012"}}

आजीविका मिशन की रैंकिंग में वाराणसी नंबर-1, महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार मॉडल बना मिसाल
 

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी ने एक बार फिर महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन की जून 2026 की रैंकिंग में वाराणसी लगातार दूसरे महीने भी प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। इससे पहले मई 2026 की रैंकिंग में भी वाराणसी शीर्ष पर था।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत लखनऊ मुख्यालय द्वारा हर माह विभिन्न प्रदर्शन संकेतकों (इंडिकेटर्स) के आधार पर जिलों की रैंकिंग जारी की जाती है। जून माह की जारी सूची में वाराणसी ने 1699 अंक हासिल कर पहला स्थान बरकरार रखा। वहीं अंबेडकर नगर 1642 अंकों के साथ दूसरे और बिजनौर 1599 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

वाराणसी में स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर हजारों महिलाओं के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। आजीविका मिशन के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के अवसर मिले हैं। महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रेरणा मार्ट, आजीविका संवर्धन केंद्र और 12 इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा फूड कार्ट के माध्यम से महिला समूह मिलेट्स (श्री अन्न) को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

वाराणसी की इस उपलब्धि के लिए पिछले वर्ष मिशन की टीम को उपमुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है।

  • इन मापदंडों पर हुई रैंकिंग
  • स्वयं सहायता समूह, ग्राम संगठन एवं संकुल की प्रोफाइलिंग
  • समूह गठन एवं ग्राम संगठन का संचालन
  • क्रेडिट लिंकेज
  • स्टार्टअप फंड
  • आंतरिक अंकेक्षण
  • मॉडल संकुल को व्यवहार्यता अंतर निधि (VGF)
  • बीसी सखी एवं विद्युत सखी की प्रगति
  • उत्पादक समूहों का संचालन
  • वार्षिक कार्ययोजना के सापेक्ष व्यय

उत्तर प्रदेश राज्य आजीविका मिशन: जून 2026 टॉप-10 रैंकिंग
 

रैंक            जनपद कुल स्कोर
1                                   वाराणसी                                         1699
2 अंबेडकर नगर 1642
3 बिजनौर 1599
4 अयोध्या 1587
5 आगरा 1563
6 हापुड़ 1538
7 अलीगढ़ 1513
8 सहारनपुर 1513
9 इटावा 1500
10 फर्रुखाबाद                           1446                         

अयोध्या ने मई की तुलना में आठ स्थान और आगरा ने छह स्थान की छलांग लगाई है, जबकि हापुड़ दो और इटावा चार पायदान नीचे खिसक गया। लगातार प्रथम स्थान पर बने रहने से वाराणसी ने प्रदेश में महिला सशक्तिकरण, आजीविका संवर्धन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका को एक बार फिर मजबूत किया है।