{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: जल जीवन मिशन को रफ्तार, 135 पेयजल योजनाएं सितंबर-अक्टूबर में होंगी पूरी

वाराणसी में जल जीवन मिशन की पेयजल परियोजनाओं को पूरा करने के लिए प्रशासन ने समयसीमा तय की है। 90 से 99 प्रतिशत प्रगति वाली 135 योजनाएं सितंबर-अक्टूबर में, 74 योजनाएं दिसंबर तक और 64 योजनाएं फरवरी 2027 तक पूरी करने के निर्देश जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को दिए हैं।
 

वाराणसी: जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रही पेयजल परियोजनाओं को समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रशासन ने काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अलग-अलग स्तर की परियोजनाओं के लिए समयसीमा तय की गई।

जिलाधिकारी ने 90 से 99 प्रतिशत तक पूरी हो चुकी 135 पेयजल योजनाओं को सितंबर-अक्टूबर में हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जहां श्रमिकों की संख्या बढ़ाने की जरूरत है, वहां तत्काल आवश्यक संख्या में श्रमिक बढ़ाकर काम को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पूरा कराया जाए।

दिसंबर तक पूरी होंगी 74 योजनाएं

बैठक में 75 से 90 प्रतिशत तक प्रगति वाली 74 पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने इन परियोजनाओं को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया। वहीं, 50 से 75 प्रतिशत तक प्रगति वाली 64 योजनाओं को फरवरी 2027 तक निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

सत्येंद्र कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन केवल समय पर ही नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्य में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं करने को कहा।

लंबित मामलों की भी होगी नियमित समीक्षा

जिलाधिकारी ने तहसील स्तर पर लंबित प्रकरणों और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित एनओसी के मामलों की भी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। इसके लिए साप्ताहिक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और मासिक भौतिक बैठक आयोजित करने को कहा गया है। बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के अधिशासी अभियंता, एलएंडटी के परियोजना प्रबंधक समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।