वाराणसी: 20 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए बिजली विभाग के JE और लाइनमैन, गिरफ्तार
वाराणसी में एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के JE और लाइनमैन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों पर बिजली चोरी के मामले में FIR की धमकी देकर 50 हजार की मांग करने का आरोप है। कार्रवाई मंडुआडीह पावर हाउस पर हुई।
वाराणसी: एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (JE) और लाइनमैन को 20 हजार रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों पर बिजली चोरी के मामले में FIR दर्ज कराने की धमकी देकर शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। टीम ने मंडुआडीह क्षेत्र में ट्रैप कार्रवाई कर दोनों को गिरफ्तार किया।
बिजली चोरी का आरोप लगाकर मांगे थे 50 हजार रुपये
शिकायतकर्ता शुभम श्रीवास्तव के अनुसार, उनका बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन काट दिया गया था। इस संबंध में जब वह विभागीय कार्यालय पहुंचे तो JE नवनीत यादव उनके घर जांच के लिए पहुंचे।
जांच के बाद आरोप लगाया गया कि घर में चोरी की बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा है और इस मामले में FIR दर्ज कराई जाएगी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी दौरान मामला रफा-दफा करने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की गई, जबकि कुल 50 हजार रुपये रिश्वत तय की गई थी।
बार-बार दबाव के बाद एंटी करप्शन से की शिकायत
शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों द्वारा लगातार पैसे देने का दबाव बनाया जा रहा था। परेशान होकर उन्होंने एंटी करप्शन टीम को लिखित शिकायत दी। प्रारंभिक जांच के बाद टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया और शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोट देकर आरोपियों को पकड़ने की रणनीति बनाई।
मंडुआडीह पावर हाउस पर बिछाया जाल, पैसा लेते ही दबोचा
निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता एंटी करप्शन टीम के साथ मंडुआडीह पावर हाउस पहुंचा, जहां JE नवनीत यादव और लाइनमैन लक्ष्मण पहले से मौजूद थे। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 20 हजार रुपये दिए, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया।
JE की जेब से बरामद हुई अतिरिक्त नकदी
एंटी करप्शन अधिकारियों के मुताबिक, जेई नवनीत यादव के पास से रिश्वत के 20 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। इसके अलावा उनकी जेब से अन्य नकदी भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। पूरे मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।