वाराणसी में ज्वेलरी शोरूम के मैनेजर पर 300 ग्राम सोना हड़पने का आरोप, पत्नी गिरफ्तार, आरोपी पति फरार
वाराणसी के अवलेशपुर स्थित नारायण दास सर्राफ ज्वेलर्स में स्टॉक जांच के दौरान करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी कम मिली। शोरूम प्रबंधन ने मैनेजर रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने पत्नी शारदा रावत को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मैनेजर फरार है।
वाराणसी: मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के अवलेशपुर स्थित नारायण दास सर्राफ ज्वेलर्स के शोरूम में स्टॉक की जांच के दौरान करीब 300 ग्राम सोने की ज्वेलरी कम मिलने का मामला सामने आया है। शोरूम प्रबंधन ने मैनेजर रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी शारदा रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी मैनेजर फरार बताया जा रहा है।
ढाई साल से शोरूम में मैनेजर था रतन अग्रवाल
शोरूम के कामर्शियल ऑफिसर कृष्ण अग्रवाल की ओर से मंडुवाडीह थाने में दी गई तहरीर के मुताबिक, रतन अग्रवाल करीब ढाई साल से नारायण दास सर्राफ ज्वेलर्स में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
बीते 31 अगस्त को शोरूम के स्टॉक में गड़बड़ी सामने आने के बाद गोपनीय तरीके से आंतरिक स्टॉक की जांच कराई गई। जांच में 22 कैरेट सोने की छह ज्वेलरी गायब मिलीं। इन छह आभूषणों का कुल वजन 194.890 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा करीब 100 ग्राम पुराना सोना और अन्य ज्वेलरी भी स्टॉक में कम पाई गई। इस तरह शोरूम प्रबंधन को करीब 300 ग्राम सोने से संबंधित स्टॉक में गड़बड़ी का पता चला।
31.32 लाख की ज्वेलरी के एडवांस की भी जांच
स्टॉक की जांच के दौरान एक अन्य लेनदेन भी सामने आया। शिकायत के मुताबिक, 29 जून को राघवेंद्र राय के नाम से 31.32 लाख रुपये की ज्वेलरी खरीदने के लिए 50 हजार रुपये एडवांस जमा कराए गए थे। बैंक खाते की जांच में सामने आया कि यह रकम मैनेजर की पत्नी शारदा रावत के खाते से भेजी गई थी। इसके बाद शोरूम प्रबंधन ने इस लेनदेन को लेकर भी जांच शुरू की।
पूछताछ के दौरान बच्चे की बीमारी का दिया हवाला
तहरीर के मुताबिक, जब शोरूम प्रबंधन ने रतन अग्रवाल से स्टॉक में मिली गड़बड़ी और संदिग्ध लेनदेन को लेकर पूछताछ की तो उसने बच्चे की बीमारी का हवाला दिया।
आरोप है कि रतन ने करीब एक घंटे की मोहलत मांगी और इसके बाद वहां से चला गया। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पुलिस के मुताबिक, मामले में उसकी तलाश की जा रही है।
पत्नी शारदा रावत गिरफ्तार
मामले में शोरूम प्रबंधन की शिकायत पर मंडुवाडीह थाने में रतन अग्रवाल और उसकी पत्नी शारदा रावत के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच के दौरान पत्नी की संलिप्तता सामने आने के बाद शारदा रावत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर कुंड से गिरफ्तार किया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मंडुवाडीह थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय ने बताया कि शोरूम मैनेजर और उसकी पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस स्टॉक में मिली कमी, बैंक खातों से हुए लेनदेन और शोरूम के रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। वहीं आरोपी मैनेजर रतन अग्रवाल की तलाश जारी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि गायब ज्वेलरी और संदिग्ध लेनदेन में किस-किस की भूमिका थी।