{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: काजी सराय टी स्टॉल तोड़फोड़ केस में छह गिरफ्तार, 10 हजार रंगदारी मांगने का आरोप

 मले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 13 सितंबर को 10 हजार रुपये रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस के मुताबिक, घटना की वजह दुकान के पीछे बाथरूम करने को लेकर हुआ विवाद था।
 

वाराणसी: बड़ागांव थाना क्षेत्र के काजी सराय में टी स्टॉल पर तोड़फोड़ और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि 13 सितंबर को करीब 20 लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की और वहां मौजूद रवि गुप्ता पर हमला कर 10 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। गिरफ्तार सभी आरोपितों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, काजी सराय स्थित शशांक द्विवेदी के टी स्टॉल पर 13 सितंबर को शिवम और उत्कर्ष सिंह समेत करीब 20 लोगों ने पहुंचकर हंगामा और तोड़फोड़ की थी। दुकान पर मौजूद रवि गुप्ता के साथ मारपीट करते हुए जानलेवा हमला किया गया और 10 हजार रुपये रंगदारी की मांग की गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

कोइराजपुर अंडरपास के पास से छह गिरफ्तार

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार दोपहर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कोइराजपुर अंडरपास के पास दबिश देकर छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शिवम सिंह निवासी अहरक, सुधांशु सिंह निवासी अहरक, सूर्य प्रताप सिंह निवासी दासेपुर, सर्वेश चौहान निवासी अनौरा, अभिषेक यादव निवासी दासेपुर और अंगद यादव निवासी शिवपुर के रूप में हुई है।

बाथरूम करने से रोकने पर हुआ था विवाद

पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने घटना की वजह दुकान पर हुए पुराने विवाद को बताया। पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर को शिवम सिंह शशांक द्विवेदी की दुकान के पीछे बाथरूम कर रहा था। शशांक द्विवेदी ने उसे ऐसा करने से मना किया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर शशांक ने शिवम को दुकान से बाहर कर दिया था।

पुलिस का कहना है कि इसी बात को लेकर शिवम सिंह ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर बदला लेने की योजना बनाई। इसके बाद 13 सितंबर को वे लोग टी स्टॉल पर पहुंचे और मारपीट व तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। इसी दौरान दुकान पर मौजूद रवि गुप्ता पर हमला करने और 10 हजार रुपये रंगदारी मांगने का आरोप है।